04जेएनडी04-पुलिस गिरफ्त में धोखाधड़ी कर राशि ऐंठने का आरोपी। स्रोत पुलिस
जींद। साइबर थाना पुलिस ने ऑनलाइन टास्क सिस्टम के नाम पर लोगों को झांसा देकर ठगी करने वाले आरोपी महेंद्रगढ़ जिला के गांव भारधा निवासी मंजीत को गिरफ्तार किया है। आरोपी से 25 हजार रुपये बरामद भी किए हैं।
शहर के कैथल रोड स्थित राजनगर निवासी मियां सिंह ने दो मार्च 2025 में एफआईआर में बताया था कि अज्ञात लोगों ने उन्हें ऑनलाइन टास्क के नाम पर घर बैठे पैसे कमाने का लालच दिया। ठगों के झांसे में आकर उन्होंने तीन माह के अंदर विभिन्न बैंक खातों में कुल तीन लाख 30,889 रुपये ट्रांसफर कर दिए।
बाद में उन्हें ठगी का अहसास हुआ। साइबर थाना पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ धोखाधड़ी करने के आरोप में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी मंजीत को गिरफ्तार कर लिया है।