किसान आंदोलन के दौरान हरियाणा में किसान लगातार भाजपा व जजपा के कार्यकर्मों का विरोध कर रहे हैं। बुधवार को भी सिरसा और जींद में जजपा नेताओं को किसानों के विरोध का सामना करना पड़ा।
नरवाना से जजपा विधायक रामनिवास सुरजा खेड़ा मंगलवार शाम को हमीरगढ़ गांव में जजपा के तीसरे स्थापना दिवस पर होने वाली नौ दिसंबर को झज्जर रैली का न्यौता देने के लिए अपने कार्यकर्ता कुलदीप के घर गए थे। जहां पर ग्रामीणों ने विधायक राम निवास सुरजाखेड़ा का विरोध किया। विरोध को देखते हुए भारी पुलिस बल मौके पर मौजूद रहा।
पुलिस ने विधाायक को एक निजी वाहन में बैठाकर वहां से निकाला। ग्रामीणों ने कहा कि जब तक किसानों की सभी मांग पूरी नहीं होती गठबंधन सरकार के नेताओं का विरोध जारी रहेगा। ग्रामीणों ने कहा कि पिछले एक साल से किसान कृषि कानून वापस लेने की मांग को लेकर धरने पर बैठे थे। कृषि कानून तो वापस हो गए लेकिन एमएसपी गारंटी कानून, किसानों पर दर्ज हुए मामले वापस लेने सहित अन्य मांग जब तक पूरी नहीं होती किसानों का धरना जारी रहेगा।
जेजेपी की बाइक रैली का किसानों ने किया काले झंडे दिखाकर विरोध
वहीं सिरसा जिले के गांव चौटाला में जननायक जनता पार्टी की ओर से बाइक रैली का आयोजन किया गया। पार्टी के स्थापना दिवस पर झज्जर में होने वाली रैली से पहले चौटाला से बाइक रैली निकाली गई। इस बाइक रैली में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। लेकिन थोड़ी दूर चलते ही गांव गंगा में इस बाइक रैली का विरोध हो गया। किसानों ने काले झंडे लेकर रोष जताया और विरोध किया। प्रदर्शनकारी किसानों ने कहा कि जब तक सभी मांगे पूरी नहीं हो जाती तब तक विरोध जारी रहेगा। इस दौरान भारी पुलिस बल तैनात किया गया।