तहसीलदार से बातचीत करते किसान। संवाद
- फोटो : Jind
नरवाना। नरवाना की नई अनाज मंडी में मंगलवार को एफसीआई को धान की खरीद करनी थी। सुबह से ही किसान एफसीआई के कर्मचारियों का इंतजार कर रहे थे। किसानों ने बताया खरीद कार्य करने वाले कर्मचारी 12 बजे के बाद पहुंचे। इससे किसानों का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने रोष स्वरूप मार्केट कमेटी कार्यालय गेट पर ताला जड़ दिया और धरना शुरू कर दिया।
धरने के कुछ देर बाद ही प्रदर्शन कर रहे किसान दो गुटों में बंट गए। इसके बाद एक गुट ने मार्केट कमेटी कार्यालय के मुख्य गेट पर धरना दिया और दूसरा गुट सचिव कार्यालय में पहुंचा। मार्केट कमेटी सचिव कार्यालय में पहुंचे किसानों ने कहा कि जब तक प्रशासनिक अधिकारी मौके पर आकर एफसीआई के खिलाफ कार्रवाई नहीं करेंगे, वह सचिव कार्यालय में ही रहेंगे। सूचना पाकर तहसीलदार विजय कुमार मौके पर पहुंचे और किसानों को समझा-बुझाकर शांत करवाया। तहसीलदार विजय कुमार ने बताया कि संबंधित खरीद एजेंसी के कर्मचारियों से बात करके सुबह खरीद शुरू करवाई जाएगी।
सुबह नौ बजे खरीद शुरू नहीं हुई तो होगा प्रदर्शन
किसान नेता मास्टर बलबीर सिंह ने कहा कि अगर बुधवार को सुबह नौ बजे धान खरीद का कार्य शुरू नहीं हुआ तो वह फिर प्रदर्शन करेंगे। जरूरत पड़ी सड़क भी जाम करेंगे।