जींद। इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अभय सिंह चौटाला ने भाजपा सरकार पर किसानों की अनदेखी, प्रदेश में बढ़ते नशे, अपराध और भ्रष्टाचार को लेकर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि धान की खरीद नहीं होने से किसान परेशान हैं और उन्हें मजबूरी में कम दाम पर फसल बेचनी पड़ रही है। नशा और भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने में सरकार विफल है।
रविवार को गोहाना रोड स्थित राजमहल में आयोजित इनेलो की राष्ट्रीय एवं प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक में अभय सिंह चौटाला ने अभय चौटाला ने पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से जनसंपर्क बढ़ाने और सरकार की नीतियों के खिलाफ जनता की आवाज उठाने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती के लिए प्रत्येक कार्यकर्ता को सक्रिय भूमिका निभानी होगी। बैठक में फरवरी में कुरुक्षेत्र में महिला सम्मेलन आयोजित करने करने और नए पदाधिकारियों की नियुक्ति के बाद सदस्यता अभियान शुरू करने का निर्णय लिया। चौटाला ने 27 सितंबर को नूंह में हुई रैली में उमड़ी भीड़ को पार्टी के प्रति जनता के समर्थन का संकेत बताया।
बैठक में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी अभय सिंह चौटाला ने नूंह रैली की सफलता के लिए पदाधिकारियों का आभार जताते हुए आगामी विधानसभा चुनाव में इनेलो की सरकार बनने का दावा किया। बैठक की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष रामपाल माजरा ने की, जबकि राष्ट्रीय संरक्षक संपत सिंह विशेष अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
मौके पर पार्टी के विधायक अर्जुन चौटाला, विधायक आदित्य चौटाला, पूर्व विधायक रामफल कुंडू, पूर्व विधायक शेरसिंह बड़शामी, प्रदीप गिल, सुदेश कंडेला, महिला प्रदेशाध्यक्ष तनुजा कश्यप, जिला प्रधान विजेंद्र रेढू, उचाना जिला प्रधान विरेंद्र कौशिक और जिला प्रधान जोरा सिंह मौजूद रहे।
कार्यकर्ताओं से जनता के बीच सक्रिय रहने को कहा
चौटाला ने आगामी विधानसभा चुनाव में इनेलो की सरकार बनने का दावा करते हुए कार्यकर्ताओं से जनता के बीच सक्रिय रहने को कहा। उन्होंने जेजेपी पर भी निशाना साधा और मुख्य चुनाव आयुक्त पर भाजपा को लाभ पहुंचाने के लिए मतदाता सूची से संबंधित प्रक्रिया में पक्षपात करने का आरोप लगाया। प्रदेश अध्यक्ष रामपाल माजरा ने संगठन को मजबूत करने के लिए निरंतर प्रयास करने का भरोसा दिलाया।
कांग्रेस पर भाजपा को फायदा पहुंचाने का आरोप
कांग्रेस की दोहरी भूमिका का खुलासा करते हुए कहा कि कांग्रेस ने हमेशा भाजपा का साथ दिया है। 2016 में राज्यसभा चुनाव में अपनी वोटों को रद्द कर भाजपा के प्रत्याशी सुभाष चंद्र को राज्यसभा सांसद बनवाया। इसी प्रकार 2024 में नौ विधायकों के वोट क्रॉस व रद्द करवाकर भाजपा के उम्मीदवार को जिताने का असफल प्रयास किया। चौटाला के अनुसार, कांग्रेस की राजनीति से भाजपा को फायदा पहुंच रहा है।
नशे और भ्रष्टाचार की गिरफ्त में हरियाणा
हरियाणा आज नशे के मामले में पंजाब से भी आगे निकलकर उड़ता हरियाणा बन चुका है। हरियाणा के प्रत्येक गांव में नशा अपना कहर बरपा रहा है। अपराध और भ्रष्टाचार का बोलबाला है जो रुकने का नाम नहीं ले रहा। सरकार में बैठे बड़े-बड़े लोग स्वयं भ्रष्टाचार में शामिल हैं।