फोटो 19जेएनडी15-बिजली की समस्या को लेकर पॉवर हाऊस के बाहर एकत्रित हुए किसान। स्रोत किसान
उचाना। खेतों की बिजली लाइन लंबे समय से ब्रेकडाउन रहने के कारण शुक्रवार को किसानों का गुस्सा फूट पड़ा। खरकभूरा, अलीपुरा और करसिंधु गांवों के किसान ताला लेकर बिजली निगम कार्यालय पहुंचे। इस दौरान एसडीओ जोजो तनेजा ने किसानों की शिकायतें सुनकर दो दिन में समाधान का आश्वासन दिया।
किसानों का आरोप है कि एपी लाइन कई दिनों से खराब पड़ी है जिससे धान की फसल की सिंचाई प्रभावित हो रही है। किसानों ने बताया कि हाल ही में आई आंधी-तूफान में कई बिजली पोल टूट गए थे लेकिन अब तक उन्हें बदला नहीं गया है। इससे खेतों में पानी की आपूर्ति रुक गई है और धान की पौध सूखने लगी है।
किसान कपिल ने कहा कि अलीपुरा, खरकभूरा और करसिंधु गांवों की करीब 2000 एकड़ कृषि भूमि इस लाइन पर निर्भर है। उन्होंने आरोप लगाया कि संबंधित लाइनमैन फोन नहीं उठाते और न ही मौके पर पहुंचते।
किसान भूपेंद्र ने बताया कि कई बार एसडीओ और एक्सईएन को शिकायत दी गई लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। अब तक करीब 20 बार लिखित शिकायत दी जा चुकी है। स्थिति जस की तस बनी हुई है।
विभागीय जानकारी के अनुसार, संबंधित लाइनमैन मूल रूप से गुरुग्राम के रहने वाले हैं और यहां अस्थायी रूप से तैनात थे। लगातार शिकायतों के बाद उनके खिलाफ कार्रवाई करते हुए रिलीव करने के लिए पत्र भेजा गया है।
वर्जन
हाल ही में आई आंधी-तूफान में में बड़ी संख्या में बिजली पोल और ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त हुए हैं। इसके चलते बिजली आपूर्ति बाधित हुई। ठेकेदार से बातचीत कर टूटे हुए पोल बदलने के निर्देश दिए गए हैं और बिजली आपूर्ति जल्द बहाल कर दी जाएगी। अगले दो दिनों में समस्या का समाधान कर दिया जाएगा।
-जोजो तनेजा, एसडीओ