फोटो 26जेएनडी23-पॉवर हाऊस गेट को बंद कर आगे बैठे किसान। स्रोत किसान
उचाना। खेतों की बिजली लाइन में लगातार बिजली गुल रहने से परेशान अलीपुरा, तारखा और खरकभूरा गांवों के किसान बुधवार को उचाना बिजली पावर हाउस पहुंचे। किसानों ने नारेबाजी कर रोष जताया। 33 केवी पावर हाउस का गेट बंद कर दिया।
किसानों ने समस्या का समाधान न होने पर सड़क जाम करने की चेतावनी भी दी। किसानों के एकत्रित होने की सूचना मिलने पर एसडीओ जोजो तनेजा मौके पर पहुंचे। किसानों ने बिजली आपूर्ति से जुड़ी समस्याएं रखीं। किसानों की मांग पर एसडीओ ने फीडर से जेई का तबादला करने तथा फीडर की लाइन पर लाइनमैन नियुक्त करने का आश्वासन दिया। इसके बाद किसान शांत हुए।
किसान ज्ञानी, महेंद्र, राजबीर, दीपू, बजिंद्र और सुनील ने बताया कि पिछले करीब एक महीने से खेतों के फीडर पर बिजली की समस्या बनी हुई है। इस संबंध में कई बार शिकायत करने के बावजूद समाधान नहीं हुआ।
किसानों ने बताया कि इस बार बारिश कम होने के कारण धान की फसल में सिंचाई की जरूरत है, लेकिन बिजली नहीं मिलने से समय पर फसल की सिंचाई नहीं हो पा रही है। किसानों का कहना था कि शिकायत करने पर बिजली निगम की ओर से लाइनमैन की कमी का हवाला दिया जाता है। उन्होंने फीडर पर पर्याप्त लाइनमैन नियुक्त करने और जेई का तबादला करने की मांग रखी।