रेलवे अंडरपास में भरे पानी की समस्या को लेकर अर्धनग्न होकर प्रदर्शन करते ग्रामीण।
- फोटो : Jind
लुदाना-मोरखी रेलवे अंडरपास में भरे पानी की समस्या को लेकर किसानों द्वारा दिया जा रहा धरना बुधवार को भी जारी रहा। किसानों ने बुधवार को अर्धनग्न होकर रेलवे व सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। इस दौरान किसानों ने कहा कि वे वीरवार से भूख हड़ताल पर बैठकर आंदोलन करेंगे। जब तक सरकार उनकी मांग को पूरा नहीं कर देती, उनकी भूख हड़ताल जारी रहेगी।
गौरतलब है कि एक सप्ताह से लुदाना-मोरखी रेलवे अंडरपास में जलभराव की समस्या को लेकर किसानों का धरना चल रहा है। धरने पर बैठे जगबीर लुदाना, सुनील व कृष्ण ने कहा कि वीरवार आंदोलन को नया रूप दिया जाएगा, इसमें धरने में शामिल लोग भूख हड़ताल में भाग लेंगे। बुधवार को धरने को युवाओं ने समर्थन दिया। इसमें गांव की बाबा शील भारती युवा क्लब की टीम भी शामिल हुई, जिसमें युवा क्लब के सदस्य राहुल, विरेंद्र, अमित, दीपक, हिमांशु, मोहित, मनोज, सचिन व सुमित ने कहा कि वे भी धरने को समर्थन करते हैं। उन्होंने कहा कि धरने में लोगों की तादाद बढ़ती जा रही है। किसानों ने कहा कि 25 फरवरी के बाद रेल रोको आंदोलन शुरू होगा।