सोशल मीडिया पर मुख्यमंत्री मनोहर लाल को धमकी देने और अपशब्द बोलने के आरोप में 29 मई से जेल में बंद किसान नेता डॉ. दलबीर बीबीपुर को पंजाब और हरियाणा हाईकोर्ट से जमानत मिल गई है। कांग्रेस के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी व महासचिव रणदीप सुरजेवाला ने उनकी पैरवी की है।
गौरतलब है कि डॉ. दलबीर बीबीपुर ने एक यू ट्यूब चैनल पर मुख्यमंत्री के बारे में अपशब्द बोलते हुए उन्हें धमकी दी थी। इस पर पुलिस ने उन्हें 29 मई को गिरफ्तार कर लिया था। इसके बाद रणदीप सुरजेवाला ने पहले जींद कोर्ट में उनकी जमानत की पैरवी की, लेकिन यहां से जमानत नहीं मिल पाई थी। इसके बाद पंजाब व हरियाणा हाईकोर्ट में पैरवी की गई। डॉ. दलबीर बीबीपुर के वायरल वीडियो में पुलिस ने राजद्रोह, समूह के लिए खतरा बनने, अपमानित करने, मानहानि तथा धमकी देने का मामला दर्ज किया था। इससे पहले दलबीर पर 22 फरवरी 2017 को जाट आरक्षण के दौरान गांव ईक्कस धरने पर भड़काऊ भाषण देने तथा पीएम को अपशब्द बोलने का मामला दर्ज है।