09जेएनडी22-ट्राली में लेटे हुए जगजीत सिंह डल्लेवाल। संवाद
नरवाना(जींद)। खनौरी किसान मोर्चे पर 76वें दिन भी किसान नेता जगजीत सिंह डल्लेवाल का आमरण अनशन जारी रहा। पिछले छह दिनों से जगजीत सिंह डल्लेवाल की मेडिकल सहायता बंद है, क्योंकि उनकी नसें ब्लॉक हो गई हैं। डॉक्टरों को ड्रिप लगाने के लिए नस नहीं मिल रहीं।
किसान नेता अभिमन्यु कोहाड़ ने बताया कि 11 फरवरी को रत्नपुरा मोर्चे पर आयोजित किसान महापंचायत की तैयारी के लिए पतली, बुधवाली, चकहीरा, सिंहवाला, नुकेरा, हरिपुरा, भगतपुरा आदि गांवों का दौरा कर किसानों को महापंचायत में पहुंचने का न्योता दिया गया। उन्होंने बताया कि 12 फरवरी को दातासिंहवाला-खनौरी और 13 फरवरी को शंभू मोर्चों पर देशभर से किसान पहुंचेंगे। जगजीत सिंह डल्लेवाल ने कहा कि उनकी इच्छा है कि 12 फरवरी को वह दातासिंहवाला-खनौरी मोर्चे पर सभी किसानों के दर्शन करे और अपने मन की भावना किसानों के साथ साझा करे।
अगर उनकी हालत इसी तरह से बिगड़ती रही तो उनका महापंचायत में किसानों को संबोधित करना भी मुश्किल होगा। चिकित्सकों की मेडिकल सहायता बंद होने के कारण तबीयत ज्यादा गंभीर होने का डर बना हुआ है। इसके बावजूद भी महापंचायत के लिए बाॅर्डर पर तैयारियां चली हुई हैं, ताकि धरने के एक वर्ष बीतने पर किसानों को महापंचायत के माध्यम से खेती को बचाने के लिए आगे आने के लिए प्रेरित किया जा सके।