फोटो 26जेएनडी20-जयपाल का फाइल फोटो।
जींद। जिले के गांव झमौला में खेत में बने पुराने कुएं की सफाई करते समय मिट्टी का तोंदा गिरने से 61 वर्षीय किसान जयपाल की मलबे में दबकर मौत हो गई। हादसे के बाद परिजन उन्हें जुलाना के नागरिक अस्पताल लेकर पहुंचे जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जयपाल परिवार में इकलौते कमाने वाले थे।
झमौला निवासी शुभम ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि रविवार को उनके पिता जयपाल परिवार के सदस्यों के साथ खेत में काम करने गए थे। शाम करीब चार बजे उनके पिता खेत में बने पुराने कुएं की सफाई करने के लिए नीचे उतरे थे। परिवार के अन्य सदस्य खेत में दूसरी जगह काम कर रहे थे। इसी दौरान अचानक ऊपर से मिट्टी का बड़ा तोंदा भरभराकर कुएं में गिर गया और उनके पिता नीचे दब गए।
मिट्टी का तोंदा गिरने से तेज धमाके जैसी आवाज हुई। आवाज सुनकर वह और परिवार के अन्य सदस्य मौके पर पहुंचे तो पिता मिट्टी के ढेर के नीचे दबे हुए थे। परिजनों ने आसपास के खेतों में काम कर रहे लोगों को बुलाया। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद उनको को मिट्टी के नीचे से बाहर निकाला गया।
गंभीर हालत में उन्हें तुरंत नागरिक अस्पताल ले जाया गया लेकिन उनकी जान नहीं बच सकी। मृतक जयपाल के परिवार में पत्नी के अलावा एक बेटा और एक बेटी है। बेटा शुभम 11वीं कक्षा में पढ़ता है, जबकि बेटी की पढ़ाई बीच में ही छूट गई है।
वर्जन
पुलिस ने इस मामले में इत्तफाकिया कार्रवाई करते हुए शव का पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंप दिया है।
-कमल सिंह, प्रभारी, पुलिस थाना जुलाना