जींद। नागरिक संसाधन सूचना विभाग के कर्मचारी यूनियन के आह्वान पर सोमवार को सभी कर्मचारी हड़ताल पर चले गए। परिवार पहचान पत्र (पीपीपी) में त्रुटियों के सुधार, आय सत्यापन और अन्य सेवाओं के लिए पहुंचे लोगों को निराश होकर लौटना पड़ा।
क्रीड कर्मचारियों की हड़ताल का असर जिले में साफ दिखाई दिया। क्रीड कार्यालय पर सुबह से ही ताला लटका हुआ था। सुबह से ही कार्यालय में लोगों की आवाजाही बनी रही, लेकिन कर्मचारियों के हड़ताल पर रहने के कारण अधिकांश कार्य नहीं हो सके।
दूर-दराज के गांवों से आए लोगों को काफी परेशानी हुई। कार्यालय में प्रतिदिन 100 से अधिक लोग पीपीपी सुधार, आय सत्यापन और अन्य सेवाओं के लिए आते हैं। हड़ताल के कारण अधिकांश काम नहीं हो सके जिससे कई लोगों के मामले लंबित रह गए।
क्रीड कार्यालय में होते हैं पीपीपी, आय सत्यापन जैसे कार्य
परिवार पहचान पत्र में त्रुटियों का सुधार, आय सत्यापन, परिवार के सदस्यों का डेटा अपडेट करना, मोबाइल नंबर और अन्य विवरण में संशोधन, विभिन्न सरकारी योजनाओं के लिए रिकॉर्ड का मिलान और नागरिकों की शिकायतों का समाधान विभाग की प्रमुख जिम्मेदारियों में शामिल हैं। सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए सही पीपीपी और आय रिकॉर्ड होना आवश्यक है। पेंशन, राशन, छात्रवृत्ति, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं और अन्य लाभों के लिए लोगों को अक्सर क्रीड कार्यालय के चक्कर लगाने पड़ते हैं। हड़ताल के कारण इन सेवाओं से जुड़े मामलों का निपटारा नहीं हो पाया, जिससे कई आवेदकों के कार्य लंबित रह गए।
आय प्रमाणन और पीपीपी त्रुटियों को लेकर सबसे ज्यादा परेशानी
हड़ताल का सबसे अधिक असर उन लोगों पर पड़ा जिनके आवेदन किसी न किसी प्रक्रिया में अटके हुए हैं। आय प्रमाण पत्र के सत्यापन में देरी होने से कई विद्यार्थियों और पेंशन के लिए आवेदन करने वाले युवाओं की चिंता बढ़ गई है। वहीं पीपीपी में त्रुटि होने के कारण कई लाभार्थियों को सरकारी योजनाओं का लाभ मिलने में परेशानी हुई।
वर्जन
मां की पेंशन के लिए आवेदन करना था। मां चलने-फिरने में असमर्थ है। परिवार पहचान पत्र में त्रुटि है जिसको ठीक करवाने के लिए क्रीड कार्यालय आया हूं लेकिन यहां आकर पता चला कि कर्मचारी हड़ताल पर हैं। अब मुझे दोबारा फिर आना पड़ेगा।
-प्रह्लाद, किशनपुरा
वर्जन
कर्मचारी मांगों को लेकर पंचकूला गए हैं। इसको लेकर अन्य ऑपरेटरों की अतिरिक्त व्यवस्था की हुई थी। लोगों को कोई परेशानी नहीं होने दी गई। मंगलवार को सभी कर्मचारी अपने काम पर लौट आएंगे।
-प्रदीप कुमार, एडीसी, जींद
08जेएनडी03-लघु सचिवालय स्थित क्रिड कार्यालय पर लटका ताला। संवाद