04जेएनडी16: कर्मचारियों के साथ बैठक करते हुए। स्रोत विभाग।
नरवाना। सिंचाई विभाग के कर्मचारियों ने कार्यकारी अभियंता के साथ हुई बातचीत में मांगों पर सकारात्मक आश्वासन मिलने के बाद सोमवार को दूसरे दिन धरना समाप्त कर दिया।
कर्मचारियों की मुख्य मांगों में लंबे समय से लंबित बकाया बिलों का भुगतान और एचकेआरएन के तहत कार्यरत कर्मचारियों को नौकरी सुरक्षा प्रदान करना शामिल है। सोमवार सुबह कार्यकारी अभियंता ने धरने पर बैठे कर्मचारियों से बातचीत कर मांगों को जल्द पूरा करने का लिखित आश्वासन दिया। आश्वासन मिलने के बाद यूनियन ने सहमति जताते हुए धरना समाप्त करने की घोषणा की।
ब्रांच प्रधान सोनू खटकड़ ने कहा कि संगठन आगे भी कर्मचारियों के हितों की आवाज बुलंद करता रहेगा और किसी भी कर्मचारी के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा।
धरने की अध्यक्षता ब्रांच प्रधान सोनू खटकड़ ने की और मंच संचालन ब्रांच सचिव प्रदीप कुंडू ने किया। धरने में राज्य कमेटी सदस्य विकास श्योकंद, जिला चेयरमैन राजवीर श्योकंद, पूर्व राज्य उपप्रधान एवं रिटायर कर्मचारी संघ के जिला उपप्रधान राजेंद्र शर्मा, सर्व कर्मचारी संघ ब्लॉक नरवाना के सचिव सुनील, पब्लिक हेल्थ सचिव मंदीप शर्मा, ब्रांच कैशियर मंदीप व अय्य मौजूद रहे।