संवाद न्यूज एजेंसी
जींद। मई से नवंबर तक चलाई गई बिल माफी योजना का बिजली निगम को काफी फायदा मिला है। योजना के तहत 4,333 उपभोक्ताओं ने 8.73 करोड़ रुपये जमा करवा दिए हैं जबकि उनके 3.91 करोड़ रुपये के बिजली बिल माफ हो गए हैं। यह राशि उन उपभोक्ताओं से मिली है जिन्होंने योजना का लाभ उठाकर अपने लंबित बिलों का निपटान किया।
निगम ने जिले के डिफाल्टर उपभोक्ताओं को बिलों में राहत देने के लिए मई माह में बिजली माफी योजना शुरू की थी। जिले में फिलहाल कुल 1,38,011 डिफाल्टर उपभोक्ता हैं जिन पर लगभग 1500 करोड़ से ऊपर बिजली बिल बकाया है।
निगम इन उपभोक्ताओं को बकाया साफ करने के लिए लगातार प्रेरित कर रहा है। योजना के दौरान जिन उपभोक्ताओं ने अपनी राशि जमा कराई या माफी का लाभ लिया वे भविष्य में बिल समय पर जमा करें ताकि दोबारा डिफॉल्टर की स्थिति न बने।
यह योजना ऐसे उपभोक्ताओं के लिए थी जो 31 अगस्त 2024 तक बिजली निगम के डिफॉल्टर थे। उनसे एकमुश्त भुगतान किया जाना था। पात्र सभी घरेलू, कृषि उपभोक्ताओं को मूल राशि पर दस प्रतिशत की छूट दी जानी थी। अधिसूचना की तारीख तक बकाया मूल राशि का एकमुश्त या आठ मासिक, चार द्विमासिक किस्तों में भुगतान करने का विकल्प दिया गया था।
न्यायिक फोरम में बिल होने पर भी मिला था लाभ
जिन उपभोक्ताओं के मामले वर्तमान में बिलिंग विवादों के कारण किसी न्यायिक फोरम में थे उन्हें भी योजना का लाभ दिया जाना था। केस वापस लेने वाला उपभोक्ता इस योजना का लाभ लेने के लिए पात्र था। कनेक्शन कटे होने के मामले में, एकमुश्त राशि के भुगतान पर या मूल राशि की पहली किस्त के भुगतान पर लागू होने वाले पुन: कनेक्शन आदेश शुल्क को चार्ज करने के बाद दोबारा कनेक्शन दिए जाने की योजना थी।
वर्जन
बिल माफी योजना के तहत जिला के 4,333 उपभोक्ताओं ने 8.73 करोड़ के बिजली बिल जमा किए हैं जबकि उनके 3.91 करोड़ रुपये की राशि माफ हो गई है। उपभोक्ताओं से आह्वान है कि वह समय पर बिजली बिल भरें।
-एमएल सुखीजा, अधीक्षण अभियंता, बिजली निगम जींद