19जेएनडी16: पौली गांव के पास क्षतिग्रस्त गाड़ी। स्रोत प्रशासन
जुलाना। क्षेत्र के पौली गांव के पास बुधवार देर शाम इको गाड़ी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे ड्रेन में पलट गई। हादसे में गाड़ी में सवार एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
शादीपुर गांव निवासी 32 वर्षीय सुमन टिटौली स्थित पंचरत्न कंपनी में कार्यरत थी। रोजाना की तरह ड्यूटी खत्म कर रोहतक से जुलाना की ओर लौट रही थी। इसी दौरान पौली गांव के पास इको गाड़ी अनियंत्रित होकर अचानक सड़क से नीचे उतरकर ड्रेन में जा गिरी। गंभीर रूप से घायल सुमन को रोहतक पीजीआई पहुंचाया गया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतका के पति सुशील ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया है कि शादीपुर गांव निवासी चालक राजपाल लापरवाही और तेज गति से इको गाड़ी चला रहा था। लापरवाही के चलते यह हादसा हुआ। आरोप लगाया कि हादसे के बाद आरोपी चालक घायल महिला को अस्पताल छोड़कर मौके से भाग गया।
सूचना मिलने पर जुलाना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मृतका के पति की शिकायत के आधार पर आरोपी चालक के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।