जींद। राजकीय विद्यालयों में छठी कक्षा में पढ़ने वाले अनुसूचित जाति के विद्यार्थियों को शिक्षा विभाग साइकिल मुहैया करवाएगा। दो किलोमीटर से ज्यादा दूरी से आने वाले विद्यार्थियों को इसका लाभ मिलेगा। 15 सितंबर को राजकीय मॉडल संस्कृति प्राथमिक पाठशाला जींद शहर में साइकिल विक्रेताओं की ओर से स्टॉल लगाएंगे।
20 इंच साइकिल का रेट जीएसटी सहित 2800 रुपये व 22 इंच साइकिल का रेट तीन हजार रुपये जीएसटी सहित निर्धारित किया गया है। विक्रेता वितरक 12 सितंबर को जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय जींद में संपर्क कर सकते हैं साइकिल मेले के दौरान विद्यार्थी 20 व 22 इंची साइकिल अपनी पसंद अनुसार खरीद सकते हैं।
शिक्षा विभाग की ओर से दोनों आकार की साइकिलों का रेट जीएसटी समेत 20 इंची साइकिल 2800 रुपये व 22 इंची साइकिल 3300 रुपये निर्धारित किया गया है। अगर अभिभावक व विद्यार्थी शिक्षा विभाग द्वारा निर्धारित रेट से ज्यादा रेट की साइकिल पसंद करते हैं तो निर्धारित राशि से ज्यादा की जो भी राशि होगी वह अभिभावकों को अपनी जेब से देनी होगी।
अनुसूचित जाति के विद्यार्थी जो परिवहन सुरक्षा योजना का लाभ ले रहे हैं वह इस योजना का लाभ नहीं ले सकते। ऐसे में जरूरतमंद विद्यार्थियों को उपलब्ध करवाने के लिए शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने साइकिल बेचने वाले दुकानदार, डीलर, डिस्ट्रीब्यूटर व निर्माताओं को निर्देश दिए हैं कि राजकीय मॉडल संस्कृति प्राथमिक पाठशाला जींद शहर में 15 सितंबर को अपने मॉडल प्रस्तुत करें।
राजकीय विद्यालयों में शिक्षा ग्रहण कर रहे छठी कक्षा के अनुसूचित जाति के ऐसे विद्यार्थी जिनके अपने गांव में स्कूल नहीं हैं व अन्य गांव में दो किलोमीटर से अधिक दूरी तय करके विद्यालय जाना पड़ता है उनके लिए शिक्षा विभाग द्वारा साइकिल वितरण मेला का आयोजन किया जा रहा है।
वर्जन
15 सितंबर को राजकीय मॉडल संस्कृति प्राथमिक पाठशाला में साइकिल मेले का आयोजन किया जाएगा। इसमें छठी कक्षा के अनुसूचित जाति के विद्यार्थी जो दो किलोमीटर से अधिक दूरी तय कर स्कूल आते हैं, वह साइकिल ले सकते हैं। 20 व 22 इंची साइकिल मेले में विद्यार्थी खरीद सकते हैं।
डॉ. विजय लक्ष्मी, जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी जींद।