आर्थिक अपराध शाखा के सामने अपनी बात रखते किसान। संवाद
- फोटो : Jind
पेगां पैक्स घोटाला मामले में आर्थिक अपराध शाखा की टीम इंचार्ज रामनिवास लोहान के नेतृत्व में गांव संडील में पहुंची। यहां टीम ने किसानों के बयान दर्ज कर साक्ष्य जुटाए। इसके अलावा टीम ने लेनेे देन में प्रयोग किए गए चेकों पर हस्ताक्षर व अंगूठों के बारे में जानकारी हासिल की।
बता दें कि रविवार को किसानों ने बैठक कर मंगलवार को डीसी कार्यालय का घेराव करने की चेतावनी दी थी। किसानों ने कहा था कि यदि घेराव के दौरान उनको रोका गया तो वह कीटनाशक का प्रयोग करके डीसी कार्यालय के बाहर आत्महत्या कर लेंगे। इससे प्रशासन सतर्क हो गया तथा मंगलवार सुबह ही आर्थिक अपराध शाखा की टीम को गांव संडील में भेज दिया। टीम प्रभारी उपनिरीक्षक रामनिवास ने किसानों को भरोसा दिलाया कि किसी भी सूरत में घोटालेबाजों को बक्शा नहीं जाएगा। टीम के सामने किसानों ने बताया कि एक किसान की मौत के बावजूद उसके खाते से कर्मचारियों ने मिलीभगत करके लेनदेन किया। इसी प्रकार एक अनपढ़ किसान जोकि बैंक में अपना अंगूठा लगाता है, उसके हस्ताक्षर करके लेनदेन किया गया। लोहान ने कहा कि कुछ किसानों के खाते संदिग्ध हैं। उनके किसी राजपत्रित अधिकारी के सामने अंगूठों व हस्ताक्षर के साथ-साथ बैंक की पासबुक में हुए हस्ताक्षरों व अंगूठों से मिलान करवाया जाएगा। इसके बाद इसकी रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेजी जाएगी।