सोमवार दोपहर बाद करीब पौने तीन बजे भूकंप के जोरदार झटके महसूस किए। इससे लोगों में दहशत फैल गई। भूकंप के चलते घरों और दुकानों का सामान हिलने लगा। लोग हड़बड़ाकर घरों-दुकानों से बाहर निकल आए और काफी देर बाद अंदर गए। हालांकि, जिले भर में जान माल के नुकसान का समाचार नहीं है।
भूकंप के झटके जिले भर में नरवाना, सफीदों, उचाना, जुलाना हर जगह महसूस किए गए। शहर की शिव कॉलोनी में कुछ लोगों ने आवाज लगाकर अपने पड़ोसियों को भूकंप से आगाह किया। मिनी बाईपास पर लोग सड़कों पर नजर आए। वहीं, चौधरी रणबीर सिंह विवि में विद्यार्थी दौड़कर बाहर निगले। कुछ समय बाहर रहने के बाद विद्यार्थी वापस कक्षाओं में गए।
पहले भी आते रहे हैं भूकंप
करीब दस साल पहले जींद में लगातार भूकंप आते रहे हैं। महीनों तक आए भूकंप के कारण शहर के काफी लोग अपने घरों को छोड़कर बाहर चले गए थे। काफी लोग टेंट लगाकर बाहर सोते थे। सोमवार को आए भूकंप ने एक बार फिर से उन्हीं दिनों की याद दिला दी। उस समय मौसम विभाग ने जिले में कई जगह भूकंप मापी यंत्र भी लगाए थे, जो अब नहीं हैं।
घर की मेज हिली तो भागकर आया बाहर
मैं घर की तीसरी मंजिल पर था। जिस टेबल पर पैर रखे थे, वह अचानक हिलने लगी। एकाएक अहसास हुआ कि भूकंप है। मैं अपने परिवार के साथ भागकर नीचे आया।
जोगेंद्र, शिव कॉलोनी
हिलने लगा बेड
दोपहर के समय अपने घर में आराम कर रही थी। अचानक बेड हिलने लगा। घबराकर बाहर निकली तो गली में लोगों की भीड़ लगी हुई थी। अब घर के अंदर जाने से डर लगता है।
पुष्पा, शिव कॉलोनी