जींद। जनसेवक मंच के सुप्रीमो और महम से निर्दल विधायक बलराज कुंडू ने उचाना के पिछड़ेपन का जिम्मेदार दुष्यंत चौटाला और वीरेंद्र सिंह के परिवार को ठहराते हुए कहा कि यदि दोनों नेता उचाना की जनता के हित में काम करते तो आज इनको टिकट के लिए भटकना नहीं पड़ता। कहा कि बीरेंद्र सिंह अब तक ये तय ही नहीं कर पाए हैं कि वह किस पार्टी से चुनाव लड़ेंगे।
उचाना के अलेवा गांव में सतीश ठेकेदार के घर पहुंचे विधायक कुंडू ने कहा कि उचाना विधानसभा की 45 साल से सत्ता में भागीदारी है और आज भी डिप्टी सीएम उचाना के ही हैं। अचंभे की बात है कि उक्त दोनों नेता उचाना के लोगों से एक मौका और मांग रहे हैं। आज 90 विधानसभा में सबसे पिछड़ा उचाना विधानसभा क्षेत्र है। कहा कि वह सच की लड़ाई लड़ते हैं। उन्होंने कहा कि उनके मंच का मुख्य उद्देश्य बड़े राजघरानों को राजनीति से बाहर करने का है। कुंडू ने आरोप लगाया कि डिप्टी सीएम झूठी घोषणाएं करते घूम रहे हैं। उनकी घोषणाओं को लेकर कोई अधिकारी गंभीर नहीं है। पिछले दौरे के दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए थे कि बुजुर्गों को पेंशन गांव में देने के लिए बैंक का कर्मचारी आएगा लेकिन इस पर अमल नहीं किया गया। कहा कि बीरेंद्र सिंह अब तक ये तय ही नहीं कर पाए हैं कि किस पार्टी से चुनाव लड़ेंगे। इस अवसर पर युवा जिला प्रधान अनुराग खटकड़, सुरेश पंघाल, करण सिंह नेहरा, अंकुश डूमरखा, अमित ढांडा, शीला, राहुल, संदीप मौजूद रहे।