12जेएनडी04: नेशनल हाइवे पर बंद पड़ी लाइट जिसके कारण हादसा होने का डर रहता है। संवाद
नरवाना। दिल्ली-पटियाला नेशनल हाइवे स्थित भांखड़ा लिंक नहर से कैथल रोड चौक की स्ट्रीट लाइटें लंबे समय से बंद पड़ी हैं। इससे रात के समय चौक पर अंधेरा छाया रहता है। जो राहगीरों और वाहन चालकों के लिए हादसे का कारण बन सकती है। यह इलाका हाईवे पर होने के कारण यहां से वाहनों का आवागमन ज्यादा रहता है।
चौक की स्ट्रीट लाइटें बंद रहने से सड़क के दोनों तरफ अंधेरा फैल जाता है। इससे वाहन चालकों को आगे की स्थिति का अंदाजा लगाना मुश्किल हो जाता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि रात के समय यहां से गुजरना किसी जोखिम से कम नहीं होता। हादसे की आशंका बनी रहती है।
कैथल रोड चौक पर स्थिति और अधिक गंभीर तब हो जाती है, जब वाहन चालक गांव डुमरखां कला रोड के सामने बने कट से अचानक वाहनों को मोड़ते हैं। एक ओर से कैथल की ओर जाने वाले वाहन आते हैं तो दूसरी ओर से जींद की ओर से तेज गति से वाहन पहुंचते हैं।
अंधेरे के चलते अचानक सामने वाहन दिखाई नहीं देता। इससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
नरवाना निवासी सुरेंद्र कुमार ने बताया कि किसान आंदोलन के समय प्रशासन ने इस चौक पर बैरिकेडिंग की थी, तब इन लाइटों को चालू किया गया था, लेकिन जैसे ही आंदोलन समाप्त हुआ और बैरिकेडिंग हटाई गई, वैसे ही लाइटें दोबारा बंद कर दी गईं। लोगों को उम्मीद थी कि अब लाइटें स्थाई रूप से चालू रहेंगी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ।