संवाद न्यूज एजेंसी
जींद। जिले में बीपीएल कार्ड धारकों को जुलाई में सरसों का तेल उपलब्ध नहीं हुआ। इसके कारण पूरा महीना उपभोक्ताओं को इंतजार करना पड़ा। जुलाई के अंतिम सप्ताह में दोबारा से सरसों के तेल को डिपो पर पहुंचाने की उम्मीद बनी थी, लेकिन यह भी सिरे नहीं चढ़ पाई। अब विभाग की तरफ से उपभोक्ताओं को अगस्त माह के प्रथम सप्ताह में ही दोनों माह का सरसों का तेल उपलब्ध करवाने के लिए मुख्यालय ने पत्र जारी किया है।
खाद्य एवं आपूर्ति विभाग ने 21 जुलाई को एलोकेशन मुख्यालय भेजी थी, लेकिन एलोकेशन देरी से भेजे जाने के कारण गोदाम से सरसों के तेल का समय पर उठान नहीं हुआ। जिले में लगभग 1.80 लाख बीपीएल कार्ड धारक उपभोक्ता हैं। इन्हें सरसों के तेल का इंतजार है। इसको गंभीरता से लेते हुए सरकार ने एलोकेशन को जल्द भेजने के विभागीय कर्मियों को आदेश दिए हैं।
अब दोनों महीनों का तेल एक साथ वितरित किया जाएगा। इसके लिए उपभोक्ताओं को जुलाई व अगस्त का सरसों तेल प्राप्त करते समय अलग-अलग मशीन में दो बार अंगूठा लगवाकर दिया जाएगा। जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक निशांत राठी।ने कहा कि अगर इस माह में कोई भी लाभार्थी तेल लेने से वंचित रहे या फिर अन्य किसी प्रकार की परेशानी, उनको हो तो वह टोल फ्री नंबर पर कॉल कर शिकायत दे सकते हैं।