जींद। सेवा पखवाड़े के तहत रविवार को राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में नशा मुक्ति सेमिनार का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राचार्य नरेश कुमार पांचाल ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. संजय पंवार मौजूद रहे। डॉ. पंवार ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि नशा किसी भी रूप में व्यक्ति, परिवार और समाज के लिए भयंकर बीमारी की तरह है।
नशे की गिरफ्त में आने वाला व्यक्ति न केवल अपना जीवन बर्बाद करता है, बल्कि अपने परिवार और समाज के लिए भी घातक साबित होता है। उन्होंने कहा कि यदि सही समय पर परामर्श और उपचार मिल जाए तो नशे की लत से छुटकारा संभव है। उन्होंने छात्रों से आह्वान किया कि वे स्वयं नशे से दूर रहें और अपने साथियों को भी इसके दुष्परिणामों से अवगत कराएं।
सेमिनार में छात्र-छात्राओं ने भी नशा मुक्ति विषय पर अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने संकल्प लिया कि वे खुद नशे से दूर रहेंगे और समाज में नशे की प्रवृत्ति को फैलने नहीं देंगे। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों और स्टाफ ने सामूहिक शपथ ली कि वे न तो स्वयं नशा करेंगे और न ही किसी अन्य को करने देंगे।
इस अवसर पर संस्थान अधीक्षक जोगेंद्र सिंह श्योराण, अनुदेशक मंगल सिंह, नरेंद्र ढुल, सुरेंद्र खटकड़, मनदीप राज पूनिया और अक्षय ढांडा सहित स्टाफ सदस्य मौजूद रहे।