दंगल में तिरंगा लहराते हुए अशोक आर्य, पहलवान व अन्य। संवाद
- फोटो : Jind
सफीदों। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में रविवार को नशे के खिलाफ विशाल भारतीय कुश्ती दंगल का आयोजन किया गया। इसमें बतौर मुख्यातिथि भारतीय जनता पार्टी के युवा नेता अशोक आर्य और विशिष्ट अतिथि संदीप हैबतपुर मौजूद रहे। कार्यक्रम का संयोजन पहलवान रविंद्र रावण और सुभाष मौरखी ने किया। अशोक आर्य ने पहलवानों का परिचय प्राप्त करके दंगल का शुभारंभ किया। इस मौके पर आजादी के 75वें अमृत महोत्सव के तहत तिरंगा यात्रा भी निकाली गई।
मुख्यातिथि अशोक आर्य ने कहा कि नशे की लत विश्वव्यापी महामारी का रूप ले चुकी है। यह लत समस्त युवा शक्ति एवं राष्ट्र की उन्नति में बड़ी बाधक है। नशामुक्ति एवं नशे की विरुद्ध खिलाडिय़ों ने जो महा अभियान चलाया है उसके लिए पहलवान साथी बधाई के पात्र है। अशोक आर्य ने कहा कि नशे के विरूद्ध पूरे समाज में जन जागरण अभियान चलाना होगा। इस कार्य में संपूर्ण समाज का सहयोग अपेक्षित है। समाज से नशा दूर होगा तो ही आने वाली हमारी नस्लें सुदृढ़ होंगी अन्यथा यह देश व युवा पीढ़ी निरंतर खोखली होती चली जाएगी। उन्होंने कहा कि किसी भी देश का भविष्य तभी उज्ज्वल होता है जब वह अपने पिछले अनुभवों और विरासत के गौरव के साथ पल-पल जुड़ा रहता है। हम सभी जानते हैं कि भारत के पास एक समृद्ध ऐतिहासिक चेतना और सांस्कृतिक विरासत का एक अथाह भंडार है जिस पर हमें गर्व होना चाहिए। इस ऐतिहासिक, सांस्कृतिक, राष्ट्रीय चेतना को भारत के घर-घर पहुंचाने के लिए आजादी की 75वीं वर्षगांठ को समर्पित आजादी के अमृत महोत्सव मनाया जा रहा है। हम सभी को चाहिए कि हम सब इस अमृत महोत्सव पर अपने-अपने घरों व प्रतिष्ठानों पर तिरंगा लहराकर आजादी का जश्न मनाएं।
इस मौके पर रामपाल आर्य, सुभाष रत्ताखेड़ा, सुमित खर्ब, नरेश गौतम, जगदीप जागलान, राजकुमार शर्मा, दलजीत रजाना, पवन रोहिल्ला, डा. नरेंद्र कुंडू और सुरेश कुंडू विशेष रूप से मौजूद रहे।