03जेएनडी31: सफीदों मंडी में बरसात के बाद ठहरा पानी । संवाद
जींद। जिले में गेहूं और सरसों की मंडियों में आवक शुरू होते ही बदलते मौसम ने किसानों किसानों की परेशानी बढ़ा दी है। शुक्रवार को जिलेभर में बूदाबांदी हुई तो वहीं सफीदों में 15 मिमी बारिश ने किसानों की फसल की कटाई को रुकवा दिया। वहीं मंडियों में किसानों की फसल खुले में पड़ी है।
दो दिन पहले ही गेहूं की कटाई ने रफ्तार पकड़नी शुरू ही की थी, तभी बूंदाबांदी और बादलों की आवाजाही ने किसानों की चिंता बढ़ा दी। खेत-खलिहानों से लेकर मंडियों तक गेहूं और सरसों की फसल फैली हुई है। ऐसे में मौसम में आए अचानक बदलाव से किसानों को डर सता रहा है कि कहीं उनकी छह माह की मेहनत पर बारिश पानी न फेर दे।
शुक्रवार सुबह मौसम साफ रहा लेकिन दोपहर बाद अचानक बदलाव देखने को मिला। शाम होते-होते आसमान में घने बादल छा गए और बारिश के साथ बूंदाबांदी शुरू हो गई। वहीं पिल्लूखेड़ा में बारिश हुई।
शुक्रवार को अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 19 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं, हवा में नमी 50 प्रतिशत और हवा की गति 11 किलोमीटर प्रति घंटा रही।
वर्जन
पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के कारण क्षेत्र में बूंदाबांदी हुई है। शनिवार को भी बादल छाए रहने और हल्की बारिश की संभावना है। उन्होंने किसानों को सलाह दी है कि फिलहाल कृषि कार्य रोक दें और मौसम साफ होने का इंतजार करें ताकि नुकसान से बचा जा सके।
-डॉ. राजेश कुमार, मौसम वैज्ञानिक।