12जेएनडी05: किडनी के मरीजों से मिलकर उनकी सेहत के बारे में जानकारी लेते हुए सीएमओ डॉ. सुमन कोहल
- फोटो : अमर उजाला/संवाद
जींद। नागरिक अस्पताल में वीरवार को विश्व किडनी दिवस पर कार्यक्रम का आयोजन सीएमओ डॉ. सुमन कोहली की अध्यक्षता में किया गया। डॉक्टरों की टीम ने डायलिसिस सेंटर का निरीक्षण किया। किडनी रोगियों को गुलाब का फूल देकर उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
सीएमओ डॉ. सुमन कोहली ने अस्पताल में लोगों को किडनी को स्वस्थ रखने के लिए जागरूक किया। कहा कि यदि किसी व्यक्ति के यूरिन की मात्रा अचानक कम या ज्यादा होने लगे तो किडनी की जांच करवानी चाहिए। 40 वर्ष की उम्र के बाद स्वस्थ व्यक्ति को भी नियमित बीपी और शुगर की जांच करानी चाहिए।
पीएमओ डॉ. रघुवीर पूनिया व डिप्टी एमएस डॉ. राजेश भोला ने बताया कि नागरिक अस्पताल में किडनी के 105 मरीज पंजीकृत हैं। इनमें 58 निगेटिव और 47 पॉजिटिव मरीज शामिल हैं। इन सभी मरीजों का अस्पताल में मुफ्त उपचार किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि अस्पताल में डायलिसिस की सुविधा उपलब्ध है। जिन मरीजों को समय-समय पर डायलिसिस की जरूरत होती है, उन्हें सरकार की योजना के तहत निशुल्क उपचार दिया जाता है।
डिप्टी सीएमओ डॉ. पालेराम कटारिया ने कहा कि किडनी से संबंधित अधिकांश मरीज वही होते हैं जिन्हें शुगर और ब्लड प्रेशर की समस्या होती है। यदि इन बीमारियों का समय पर इलाज न कराया जाए तो किडनी खराब होने का खतरा बढ़ जाता है। डॉ. निशु ने बताया कि शुगर और हाई ब्लड प्रेशर किडनी खराब होने के सबसे बड़े कारण हैं। इसलिए हर व्यक्ति को नियमित स्वास्थ्य जांच करवाते रहना चाहिए।
बाक्स
ऐसे रखें किडनी को स्वस्थ
चिकित्सकों ने बताया कि ब्लड प्रेशर और शुगर की जांच नियमित करवाएं, पर्याप्त मात्रा में पानी का सेवन करें। नमक और जंक फूड का सेवन कम करें, रोजाना व्यायाम या शारीरिक गतिविधि करें, बिना डॉक्टर की सलाह के दवाइयों का सेवन न करें, धूम्रपान और शराब से दूरी बनाए रखें।