नागरिक अस्पताल के गेट पर खड़े होकर आमजन से सहयोग की अपील करते चिकित्सक। संवाद
- फोटो : Jind
जींद। हरियाणा सिविल मेडिकल सर्विसेज एसोसिएशन सोमवार को नागरिक अस्पताल में ओपीडी बंद करके हड़ताल रखेगी। इसको सफल बनाने के लिए शनिवार को चिकित्सकों ने नागरिक अस्पताल के गेट पर खड़े होकर आम लोगों से सहयोग की अपील की। चिकित्सकों ने सोमवार को ओपीडी व मंगलवार को ओपीडी के साथ-साथ आपातकालीन सेवाएं व पोस्टमार्टम भी बंद करने का एलान किया है।
बता दें कि चिकित्सक एसएमओ की सीधी भर्ती करने का विरोध कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि वह लोगों को परेशान नहीं करना चाहते, लेकिन सरकार उनकी कोई सुनवाई नहीं कर रही है। हरियाणा सिविल मेडिकल सर्विसेज एसोसिएशन के जिला उपप्रधान डॉ. रघुवीर पूनिया, सचिव डॉ. अरुण, सहसचिव डॉ. राजेश भोला, डॉ. सीमा वशिष्ठ, डॉ. संकल्प, डॉ. वनीता ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग एसएमओ की सीधी भर्ती शुरू करने जा रहा है। इससे स्वास्थ्य विभाग में सालों से काम कर रहे चिकित्सकों की पदोन्नति के द्वार बंद हो जाएंगे। अगर विभाग में एसएमओ के पद रिक्त है तो उन्हें पदोन्नति के आधार पर भरा जाना चाहिए, लेकिन स्वास्थ्य विभाग ऐसा नहीं करके सीधे एसएमओ भर्ती कर रहा है। यह काम कर रहे अन्य चिकित्सकों के हक पर कुठाराघात है। मजबूरीवश उन्हें यह कदम उठाना पड़ रहा है। एसोसिएशन की मांग है कि एसएमओ की सीधी भर्ती नहीं की जाए, पीजी पॉलिसी में बदलाव लाकर पहले की तरह हरियाणा सरकार के डॉक्टरों को 40 प्रतिशत आरक्षण दिया जाए। प्रदेश में स्पेशलिस्ट चिकित्सकों की शीघ्र भर्ती की जाए।