जींद। जिस दिव्य नगर योजना का खाका नगर परिषद ने तैयार किया है, यदि वह योजना धरातल पर उतरी तो जींद शहर की काया बदल जाएगी। योजना के तहत 20 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इससे दीवान बाल कृष्ण रंगशाला के साथ लगती जमीन पर ऑडिटोरियम बनाया जाएगा। नगर परिषद के पुराने भवन के पास जो कार्यकारी अधिकारी का निवास स्थान है, वह कई वर्षों से सुनसान पड़ा है, उसके स्थान पर शॉपिंग काम्लेक्स बनाने की योजना है। शहर के चौक-चौराहों खासकर पुराने बस स्टैंड के पास लाल बत्ती लगाई जाएगी। पूरी परियोजना के लिए फिजिबिलिटी चेक की जा रही है। जल्द ही इस पर काम शुरू होने की संभावना है।
शहर को नया लुक देने तथा बढ़ती आबादी को सुविधाएं मुहैया करवाने के लिए नगर परिषद ने दिव्य नगर योजना पर काम करना शुरू कर दिया है। इस योजना के तहत कई बड़ी सुविधाएं लोगों को मुहैया करवाई जाएंगी। इस योजना के तहत शहर को सुंदर बनाने का काम तो होगा ही, साथ ही सुविधाएं भी बढ़ाई जाएंगी। इसमें रानी तालाब के पास ऐतिहासिक गुरुद्वारा तेग बहादुर सिंह के साथ खाली पड़ी नगर परिषद की जमीन पर पार्किंग स्थल विकसित होगा। यहां पर हर रविवार को बाजार के लिए भी जगह उपलब्ध करवाई जाएगी। यह जगह काफी समय से खाली पड़ी है और यहां पर लोग कूड़ा डाल देते हैं। इस जमीन पर सात फुट तक मिट्टी का भरत करवाया जाएगा। नगर परिषद प्रशासन ने स्ट्रक्चर इंजीनियर इस साइट का दौरा करेंगे। इसके अलावा नगर परिषद प्रशासन पुराने कचहरी रोड पर नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी के कई साल से खाली पड़े आवास की जगह शॉपिंग कॉम्प्लेक्स का निर्माण भी करवाएगा। यह आवास 15 साल से खाली पड़ा है और खंडहर हो रहा है। शॉपिंग कॉप्लेक्स बनने से नगर परिषद को आमदनी भी होगी।
बॉक्स
दीवान बाल कृष्ण रंगशाला के पास बनेगा ऑडिटोरियम
दिव्य नगर योजना के तहत शहर में एक ऑडिटोरियम का निर्माण भी करवाया जाएगा। इस समय कोई भी सार्वजनिक ऑडिटोरियम शहर में नहीं है। दीवान बाल कृष्ण रंगशाला के पास खाली जमीन में इस ऑडिटोरियम को निर्माण करवाया जाएगा। ऑडिटोरियम बनने से नए कलाकारों को अपनी प्रतिभा निखारने का मौका मिलेगा।
बॉक्स
शोरूम बनाकर दिए जाएंगे किराए पर
सफीदों गेट पर फायर ब्रिगेड का ऑफिस है। इस ऑफिस के पास नगर परिषद की काफी जमीन खाली पड़ी है। इस जमीन में शोरूम बनाने की योजना है। इसके अलावा यहां पर आधुनिक टॉयलेट भी बनाए जाएंगे। शहर में जो इस समय सार्वजनिक शौचालय हैं, उनकी हालत ठीक नहीं है। आम लोगों को इससे काफी लाभ होगा। दिव्य नगर योजना के तहत बस क्यू शेल्टर, पानी निकासी के लिए नाले, ट्रेफिक लाइट लगाने की भी योजना है। पुराने बस स्टैंड के पास लाल बत्ती लगाई जाएगी।
बॉक्स
शहर की सुंदरता तथा विकास के लिए दिव्य नगर योजना बनाई जा रही है। इस योजना पर 20 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। सभी जगह का निरीक्षण कर लिया गया है। इसका ड्राफ्ट भी तैयार हो चुका है। परियोजनाओं के लिए फिजिबिलिटी की जांच करवाई जा रही है। जल्द ही इस योजना पर काम शुरू हो जाएगा।
- सतीश कुमार गर्ग, कार्यकारी अभियंता नगर परिषद।