13जेएनडी12-दिव्यांग जांच शिविर में संबोधित करते मुख्यातिथि नरेंद्र कुमार। संवाद
जींद। दिव्यांग स्वयं को कमजोर न समझें, सरकार व सामाजिक संस्थाएं दिव्यांगों के उत्थान के लिए हमेशा तैयार खड़ी हैं। ये शब्द जिला कल्याण अधिकारी नरेंद्र कुमार ने व्यक्त किए। वे बुधवार को दर्पण कम्यूनिकेशन सोसाइटी की ओर से डीएसडब्लूओ कार्यालय में चल रहे तीन दिवसीय दिव्यांग जांच एवं यूडीआईडी कार्ड शिविर के अंतिम दिन मुख्यातिथि के तौर पर बोल रहे थे। शिविर में अनेक दिव्यांगजनों की ओर से आवेदन फाॅर्म भरे गए।
जिला कल्याण अधिकारी नरेंद्र कुमार ने बताया कि केंद्र सरकार ने दिव्यांगजनों को सभी सुविधाएं राष्ट्रीय स्तर पर उपलब्ध कराने के लिए यूडीआईडी कार्ड शुरू किया है। इस यूडीआईडी कार्ड में एक यूनिक नंबर होगा, जिसमें दिव्यांग से संबंधित सभी जानकारी होंगी। दिव्यांगजन जिनकी विकलांगता 40 प्रतिशत या इससे अधिक है, यूनिक विकलांगता आईडी कार्ड बनवाने के लिए आवेदन कर सकते हैं। जिला समाज कल्याण अधिकारी सरोज देवी ने भी सरकार की दिव्यांगों के लिए चल रही योजनाओं की जानकारी दी। शिविर में संस्था अध्यक्ष भगवान राणा, डॉ. आशुतोष, सेवानिवृत अन्वेषक देवेंद्र लाठर, अन्वेषक सत्यवान दांगी, रचना लाठर, विजय यादव, जयपाल, डॉ. राजेश्वर, अर्चना, अमित, मीनू शर्मा, रितु, भारती, अंकित, मुख्तयार सिंह और रमेश मौजूद रहे।