जींद। जिला निर्वाचन अधिकारी मोहम्मद इमरान रजा ने कहा कि लोकसभा चुनाव के दौरान निर्वाचन विभाग ने दिव्यांग तथा 85 वर्ष से अधिक आयु वाले मतदाताओं के लिए मतदान केंद्रों पर विशेष व्यवस्था की है। जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि दिव्यांग एवं बुजुर्ग मतदाताओं की सुगम पहुंच सुनिश्चित करने के लिए पोलिंग स्टेशनों पर रैंप, व्हीलचेयर, लाने व ले जाने की व्यवस्था, मेडिकल किट इत्यादि की सुविधा के अलावा रेडक्रॉस सोसाइटी व स्वयं सहायता समूह सहयोग करेंगी। आयोग ने दिव्यांग मतदाताओं के लिए चुनाव से संबंधित जानकारी प्रदान करने के उद्देश्य से सक्षम एप भी बनाया है।
उन्होंने कहा कि शिक्षा विभाग की चुनाव में अहम भूमिका रहती है। जिले में अधिकांश पोलिंग स्टेशन स्कूलों में ही बनाए गए हैं। अध्यापक बच्चों को चुनाव प्रक्रिया से संबंधित जानकारी दें और उन्हें अपने अभिभावकों के साथ अन्य लोगों को मतदान के लिए जागरूक करने के लिए कहा। मतदान के दिन जब उनके अभिभावक वोट डालने आते हैं तो वे भी साथ आएं और सेल्फी लेकर इसे अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर अपलोड करें। डीसी ने कहा कि जींद जिले का हर मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करे और पांच साल में आने वाले चुनाव में अवश्य भागीदार बने।