संवाद न्यूज एजेंसी
जींद। डायल 112 के कर्मचारियों की बीच सड़क पर गुंडागर्दी का एक वीडियो सामने आया है। इसमें डायल 112 के कर्मचारी रात को सड़क पर ही युवक को बुरी तरह से लाठियों से पीट रहे हैं। पीड़ित बचाओ-बचाओ चिल्ला रहा है। वीडियाे वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले की विभागीय जांच शुरू कर दी है। वीडियो लुदाना टोल प्लाजा के आसपास का है।
गांव कर्मगढ़ निवासी मनोज दो-तीन दिन पहले पिकअप लेकर गोहाना की तरफ जा रहा था। डायल 112 की टीम ने रात में मनोज की पिकअप को लुदाना टोल प्लाजा के पास रुकवा लिया और उससे कागजात मांगे। कागजात पूरे मिले तो कर्मचारियों ने उससे पैसे मांगे। पैसे नहीं देने पर उसकी बेरहमी से पिटाई की। किसी राहगीर ने इसका वीडियो बना कर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। घटना में मनोज को काफी चोटें आईं। उसके परिजनों ने डीएसपी से भी शिकायत की है। मारपीट का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने डायल 112 कर्मचारियों के खिलाफ विभागीय जांच के आदेश दिए हैं। डीएसपी संदीप धनखड़ ने बताया कि डायल 112 कर्मियों की ओर से पिकअप चालक से मारपीट के वीडियो को संज्ञान लिया गया है। विभागीय जांच के आदेश दिए गए हैं।