सब्जी मंडी में मंगलवार को सोशल डिस्टेंसिंग की जमकर धज्जियां उड़ती दिखीं। एक साथ 50 से अधिक लोगों ने अपनी सब्जियां बेचनी शुरू कर दीं। प्रशासन को जैसे ही सूचना मिली तो पुलिस मौके पर पहुंची और मंडी में बीच सड़क में खड़े किए गए वाहनों की हवा निकाल दी गई। साथ ही सब्जी बेचने आए लोगों को बाहर का रास्ता दिखा दिया गया।
हालांकि आमजन को भी जैसे ही पता चला कि सब्जी मंडी सब्जी बेची जा रही थी तो भारी संख्या में लोग भी सब्जियां खरीदने के लिए पहुंच गए। इसके चलते सब्जी मंडी में भीड़ लग गई। इनमें से अधिकतर लोगों के मुंह पर मास्क व हाथ में दस्ताने तक भी नहीं थे। पिछले 15 दिन से रोजी रोटी के लिए मारे-मारे फिर रहे सब्जी मंडी के मांसाखोरों (रिटेलरों) की समस्या का हल नहीं निकल रहा है। वह मारे-मारे फिर रहे हैं और उनके परिवारों के सामने भूखे मरने की नौबत आ गई है। कुछ मासाखोर सोमवार शाम को सब्जी मंडी आढ़ती एसोसिएशन से भी मिले थे। उन्होंने पहले प्रशासन की अनुमति लेने की सलाह दी थी। मंगलवार सुबह कुछ मासाखोरों ने जबरदस्ती मंडी में फड़ पर दुकान सजाने की कोशिश भी की, मगर पुलिस ने रोक दिया। काफी रिटेलरों को पुलिस ने मंडी में घुसने ही नहीं दिया गया।
प्रशासन ने सब्जी मंडी में रिटेल सब्जी बेचने पर लगाई गई है पाबंदी
कोरोना संकट के चलते जिला प्रशासन ने मंडी में भीड़ भाड़ कम करने के लिए रिटेल में सब्जी बेचने पर पाबंदी लगाई हुई है। एक बार तो चार दिन के लिए पूरी मंडी को ही बंदकर अस्थायी तौर पर सेक्टर 9 में शिफ्ट कर दिया था। बाद में विधायक डॉ. कृष्ण मिड्ढा के बीच बचाव करने पर प्रशासन ने कड़ी शर्तें लगा कर सब्जी मंडी को पुन: खोल दिया था, मगर रिटेलर को कार्य करने की इजाजत नहीं दी थी।
मासाखोरों ने जताया रोष
सोमवार सुबह सब्जी मंडी में कामकाज खत्म होने के बाद कुछ मासाखोर फिर से शेड नंबर दो के नीचे एकत्रित हुए। इन्होंने प्रशासन के रवैये के प्रति रोष जताया। मासाखोर सत्यवान ने बताया कि न तो उनकी प्रशासन सुन रहा है और न ही आढ़ती। मंगलवार को डीसी से मिलने की योजना थी, लेकिन उनकी व्यस्तता के कारण समय नहीं मिल पाया। आढ़तियों से भी मिले थे तो उनका कहना है कि पहले प्रशासन की मंजूरी लो। पिछले सप्ताह अधिकारियों से भी मिले थे मगर कोई सुनवाई नहीं हुई।
सरकारी हिदायतों का पालन करेंगे
सब्जी मंडी आढ़ती एसोसिएशन के प्रधान अवतार कुमरा ने बताया कि मासाखोरों की समस्या को प्रशासनिक अधिकारियों से अवगत करवाया जा चुका है। इस समस्या का हल केवल प्रशासनिक अधिकारियों के पास है। आढ़तियों को रिटेल में माल न बेचने की भी हिदायत अधिकारियों ने दी है। लॉकडाउन में अधिकारियों की हिदायतों का पालन करना आवश्यक है। रिटेल में सब्जी बेचने पर प्रतिबंध पूरे हरियाणा की सब्जी मंडियों में है।
मंडी में मासाखोरों को नहीं काम करने की अनुमति
कोरोना संक्रमण से बचने के लिए सब्जी मंडी में अभी तक मासाखोरों को सब्जी बेचने की अनुमति नहीं है। मंडी में लोगों की भीड़ न हो इसलिए ही मासाखोरों का काम बंद करवाया हुआ है। प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक कर मंडी में मासाखोरों को सब्जी बेचने के कार्य को शुरू करवाने पर निर्णय लिया जाएगा।
संजीव कुमार, मार्केट कमेटी सचिव जींद।