तीन दिन पहले जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय के सहायक को सीएम के ओएसडी और करनाल विजिलेंस टीम द्वारा गिरफ्तार करने के बाद अब डीईओ जोगेंद्र सिंह हुड्डा पर गिरफ्तारी की तलवार लटक रही है। वहीं विभाग ने जिला शिक्षा अधिकारी के निलंबन की कार्रवाई शुरू कर दी है।
डीईओ द्वारा छुट्टी पर चले जाने के बाद विजिलेंस उनके लौटने का इंतजार कर रही है। वहीं जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय के अधिकारियों ने कार्यालय में अतिरिक्त व्यवस्था के लिए विभाग को पत्र भेजा है। इसकी पुष्टी नहीं हो पा रही है।
गौरतलब है कि तीन दिन पहले विजिलेंस की टीम ने स्कूल की मान्यता देने के नाम पर 40 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए डीईओ कार्यालय के सहायक मुनीराम बूरा को काबू किया था। हालांकि अदालत ने बूरा को जेल भेज दिया है, लेकिन इस मामले में जिला शिक्षा अधिकारी जोगेंद्र सिंह हुड्डा के खिलाफ भी विजिलेंस ने केस दर्ज किया है। केस दर्ज होने के बाद डीईओ जोगेंद्र सिंह हुड्डा तीन दिन की मेडिकल लीव पर चले गए हैं। ऐसे में विजिलेंस को अब उनकी छुट्टी समाप्त होने का इंतजार है, जो सोमवार को समाप्त हो रही है।
विजिलेंस के निरीक्षक संजीव के अनुसार छुट्टी समाप्त होने के बाद ही अब टीम दोबारा जींद आएगी। वहीं डीईओ कार्यालय ने बृहस्पतिवार को एक गोपनीय बैठक कर विभाग को पूरी स्थिति से अवगत कराया है। मीटिंग में शिक्षा विभाग के करीब आधा दर्जन शीर्ष अधिकारी ही मौजूद रहे हैं।
होगी कार्रवाई, निलंबन की प्रक्रिया शुरू
भ्रष्टाचार के मामले में विभाग दोनों अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करेगा। इसके लिए विभाग की रिपोर्ट बृहस्पतिवार को आ चुकी है। इसके आधार पर ही दोनों को निलंबित करने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। जल्द ही कार्रवाई हो जाएगी।
अमरजीत सिंह मान, अतिरिक्त निदेशक, शिक्षा विभाग।