नरवाना। खराब हुई फसलों का मुआवजा देने, गेहूं की फसल पर प्रति क्विंटल पांच सौ रुपये की दर से बोनस देने समेत बिजली, पानी की उपलब्धता को लेकर संयुक्त किसान मोर्चा के बैनर तले किसानोें ने सोमवार को लघु सचिवालय परिसर में धरना दिया। इस दौरान चेतावनी दी कि अगर मुआवजा राशि नहीं दी गई तो 18 अप्रैल से अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया जाएगा।
धरने की अध्यक्षता उझाणा गांव से बलवंत सिंह और मंच संचालन रामचंद्र दनौदा ने किया। इस दौरान अखिल भारतीय किसान सभा के राज्य उपप्रधान मास्टर बलबीर सिंह ने कहा कि नरवाना क्षेत्र में जलभराव और गुलाबी सुंडी के प्रकोप से खरीफ की फसल को भारी नुकसान पहुंचा है। कुछ गांवों में रबी की फसल की बिजाई भी नहीं हो पाई। दूसरे जिलों में मुआवजा राशि मिलनी शुरू हो चुकी है, लेकिन नरवाना क्षेत्र में अभी तक मुआवजा राशि जारी नहीं हुई है। गेहूं की कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में अच्छी मिल रही है, इसके चलते किसानों को गेहूं पर प्रति क्विंटल 500 रुपये प्रति एकड़ मुआवजा दिया जाए। इस दौरान बिजली विभाग के अधिकारियों ने धरने पर पहुंच कर कहा कि जल्द ही बिजली से संबंधित समस्याओं को दूर कर दिया जाएगा। इस मौके पर भारतीय किसान यूनियन के प्रदेशीय अध्यक्ष जोगिंद्र नैन, जियालाल, मास्टर बलजीत, दलबीर सच्चाखेड़ा, निहाल सिंह, अनीता कर्मगढ़, कमलेश सच्चाखेड़ा, भतेरी ढाकल, रानी कलौदा मौजूद रहे।