30जेएनडी15: विधायक देवेंद्र अत्री को मांग पत्र सौंपते हुए आढ़ती प्रतिनिधि मंडल। संवाद
उचाना। दी फूड ग्रेन डीलर वेल्फेयर एसोसिएशन उचाना का प्रतिनिधिमंडल वीरवार को प्रधान विकास पंघाल की अध्यक्षता में विधायक देवेंद्र अत्री से मिला। इस दौरान आढ़तियों ने विभिन्न मुद्दों पर विधायक से बातचीत की। इसके अलावा उचाना मंडी में बारिश के दिनों में जलभराव की समस्या के स्थाई समाधान की मांग को लेकर मांग पत्र सौंपा।
विकास पंघाल ने बताया कि पुरानी मंडी में जो सीवरेज की पाइपलाइन है वो बहुत साल पहले बिछाई गई थी। अब आबादी कई गुणा बढ़ चुकी है। बारिश के दिनों में अनाज मंडी में जलभराव की समस्या होती है। गेहूं के सीजन के दौरान जो सरकारी धर्मकांटा है वो एसोसिएशन के अधीन करने की मांग भी की। यह धर्मकांटा मार्केटिंग बोर्ड की ओर से लगवाया गया है। गेहूं के सीजन में गेहूं के लोडिंग वाहनों का वजन करने के लिए यह धर्म कांटा एसोसिएशन के अधीन सीजन के दौरान किया जाए, ताकि लोडिंग, खाली वाहन के तोल को लेकर किसी तरह की परेशानी न हो। ऐसे ही गेहूं के सीजन से पहले छात्तर सब यार्ड में आढ़तियों, किसानों की मांग पर संज्ञान लेते हुए धर्मकांटा लगाने के लिए संबंधित विभाग के उच्चाधिकारी से बातचीत की जा रही है। इस अवसर पर सतपाल अत्री, रमेश नंबरदार, रामनिवास करसिंधु, पवन शर्मा मौजूद रहे।