जींद। राजकीय अनुबंधित अध्यापक संघ, संबंधित सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा की बैठक नेहरू पार्क में प्रदेशाध्यक्ष पूनम देवी की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक का संचालन जसबीर ने किया।
बैठक में निर्णय लिया गया कि अतिथि अध्यापकों को तीन वर्ष की सेवाकाल नीति के तहत नियमित करने की मांग को लेकर 17 मई को रोहतक में होने वाली राज्य स्तरीय कन्वेंशन तथा 9 जून को शिक्षा सदन पंचकूला में प्रदेशस्तरीय प्रदर्शन में बड़ी संख्या में भाग लिया जाएगा।
बैठक में राजकीय अनुबंधित अध्यापक संघ के राज्य महासचिव भूपेंद्र सिंह, सर्व कर्मचारी संघ के राज्य महासचिव कृष्ण नैन, हरियाणा विद्यालय अध्यापक संघ के राज्य महासचिव रामपाल शर्मा और पूर्व प्रधान मास्टर बलबीर सिंह ने कहा कि 17 अप्रैल को सर्वोच्च न्यायालय ने 16 व 18 जून 2014 की हरियाणा सरकार की नियमितीकरण नीतियों को वैध ठहराया है।
वहीं 29 अप्रैल को पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट ने भी अतिथि अध्यापकों को नियमित करने के पक्ष में आदेश दिए हैं। प्रदेश के सरकारी स्कूलों में कार्यरत अतिथि अध्यापक नियमितीकरण की सभी शर्तें पूरी करते हैं इसलिए उन्हें तत्काल प्रभाव से नियमित कर जून 2014 से सभी लाभ दिए जाएं।
उन्होंने आरोप लगाया कि 2014 में बनी नियमितीकरण नीति के बावजूद सत्ता परिवर्तन और बाद की नीतियों के कारण अतिथि अध्यापकों को उनका अधिकार नहीं मिल पाया। बैठक में संत कुमार, हरदीप गिल, मंजीत कुंडू, सुखपाल ढिल्लों, राममेहर भौंसले, रघुबीर नडेल, अशोक शास्त्री, पलविंद्र पन्नू, नरेश इंद्री, मामराज अंबाला, महेश मौजूद रहे।