10जेएनडी11: चंडीगढ़ की सुखना लेक पर हरियाणवी संस्कृति टीम। स्रोत टीम
जींद। हरियाणवी लोक कला और देसी परंपराओं को राष्ट्रीय पटल पर स्थापित करने के लिए राह ग्रुप फाउंडेशन की ओर से 11 से 14 जून तक चार दिवसीय एक्सप्लोर इंडिया अभियान का आयोजन किया जा रहा है। चंडीगढ़ की सुखना लेक पर सांस्कृतिक कार्यक्रम होगा जहां नरवाना और जींद की टीमें अपनी प्रस्तुतियों से हरियाणा की समृद्ध विरासत को जीवंत करेंगी।
यहां का फैशन शो पूरी तरह ग्रामीण संस्कृति पर आधारित रहेगा। इसमें कलाकार पगड़ी, दामण-कुर्ती और पारंपरिक वेशभूषा में नजर आएंगे। राह ग्रुप फाउंडेशन के चेयरमैन नरेश सेलपाड़ और जिला प्रभारी राजेश टांक ने बताया कि इस अभियान के तहत ग्लोबल रोल मॉडल अवाॅर्ड का आयोजन होगा।
इसमें शिक्षा, समाजसेवा, पर्यावरण और महिला सशक्तिकरण जैसे क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली 101 हस्तियों को सम्मानित किया जाएगा। अभियान के दौरान प्रतिभागियों को रॉक गार्डन, रोज गार्डन, माता मनसा देवी मंदिर और मोरनी हिल्स के भ्रमण का अवसर भी मिलेगा। अवाॅर्ड के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 25 मई निर्धारित की गई है। वर्तमान में टीमें लोकनृत्य और सांस्कृतिक झांकियों के अभ्यास में जुटी हैं ताकि सुखना लेक पर होने वाला यह आयोजन यादगार बन सके।