एएसपी नितीश अग्रवाल से मुलाकात करते व्यापरी।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
हरियाणा के जींद में व्यापारी से रंगदारी वसूलने के मामले में बुधवार को शहर के व्यापारी एएसपी नीतिश अग्रवाल से मिले और आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग करते हुए पुलिस प्रशासन को तीन दिन का अल्टीमेटम दिया। उन्होंने कहा कि अगर तीन दिन में रंगदारी लेने के सभी आरोपी गिरफ्तार नहीं हुए तो वह बड़े स्तर पर आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे। इसके अलावा उन्होंने कहा कि वह व्यापारियों के साथ इस तरह के घटना के विरोध में काली दिवाली मनाकर पुलिस सुरक्षा का लोगों को संदेश देंगे। हालांकि पीड़ित परिवार को दो सुरक्षा कर्मी उपलब्ध करवा दिए गए।
व्यापारियों ने एएसपी से कहा कि मंडी में आरोपियों की दुकान को जब्त कर वहां पर रखे सामान पर बुलडोजर चलाया जाए। उन्होंने पीड़ित परिवार के लिए सुरक्षा की मांग की। इसके अलावा प्रदेश व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष महाबीर कंप्यूटर ने कहा कि दिनदहाड़े इस तरह की वारदातों को अंजाम दिया जा रहा है, लेकिन पुलिस घटना के एक दिन बाद भी खाली हाथ है। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार ने आरोपियों के नाम पुलिस को घटना के तुरंत बाद बताए थे, लेकिन शहर के चारों तरफ पुलिस का पहरा होने के बाद भी आरोपी शहर से सकुशल निकल गए या फिर शहर में छिपे हैं। इनको पकड़ा नहीं गया। जिससे पुलिस की नाकामी साबित हो रही है।
बोले, बदमाशों से यूपी की तर्ज पर निपटा जाए
व्यापार मंडल के जिला प्रधान महाबीर कंप्यूटर ने कहा कि आज पूरे प्रदेश में अपराध चरम पर है। इसको रोकने में प्रदेश सरकार पूरी तरह से फेल है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार यूपी की तर्ज पर अपराधियों से नहीं निपटेगी। तब तक प्रदेश से अपराध खत्म नहीं होगा।
घटना के 24 घंटे बाद भी पुलिस के हाथ खाली
व्यापारियों से दस लाख रुपये की रंगदारी के मामले में पुलिस की तीन टीमें काम कर रही हैं, लेकिन वारदात को दूसरे दिन भी पुलिस की तीनों टीम खाली हाथ रही। हालांकि पुलिस ने तीन लोगों को इस मामले में नामजद किया है।
यह भी पढ़ें : बॉर्डर से नहीं जाएंगे निहंग: पंचायत के बाद बोले- 80 फीसदी लोग हमारे बॉर्डर पर डटे रहने के पक्ष में, कानून वापसी पर जाएंगे
दो आरोपियों पर कई केस दर्ज
पुलिस के अनुसार इस मामले में तीन लोगों मुकेश गिरी, वजीर पहलवान व सिब्बू व तीन अन्य के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। इनमें से वजीर पहलवान के लिए हत्या, हत्या के प्रयास व मारपीट के सात केस दर्ज हैं। वजीर पहलवान राजस्थान, गुजरात, दिल्ली की तिहाड़ व कलकता की जेल में रह चुका है। कुछ दिन पहले ही सजा काट कर आया है। वहीं मुकेश गिरी के खिलाफ मारपीट के दो केस दर्ज हैं।