फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Jind News: शादीपुर गांव के बाजार में जल निकासी व्यवस्था की मांग

Thu, 26 Feb 2026 11:49 PM IST
रोहतक ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, जींद
विज्ञापन
26जेएनडी20: दुकानदार एसडीएम होशियार सिंह को ज्ञापन सौंपते हुए। स्रोत दुकानदार।
विज्ञापन
जुलाना। क्षेत्र के शादीपुर गांव के मुख्य बाजार में लंबे समय से चली आ रही जल निकासी की समस्या को लेकर दुकानदारों का गुस्सा फूट पड़ा। वीरवार को दर्जनों दुकानदार जुलाना तहसील कार्यालय पहुंचे और एसडीएम होशियार सिंह को ज्ञापन सौंपकर समस्या के स्थायी समाधान की मांग की। इस दौरान दुकानदारों ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।
विज्ञापन


दुकानदार नरेंद्र ढांडा, राजेश, ओमप्रकाश, वेदपाल आदि ने बताया कि बाजार में पानी की उचित निकासी व्यवस्था नहीं है। बरसात के दिनों में या नालियों के ओवरफ्लो होने की स्थिति में दुकानों के आगे गंदा पानी जमा हो जाता है। कई बार तो यह पानी दुकानों के अंदर तक घुस जाता है, जिससे सामान खराब हो जाता है और उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है।
दुकानदार रोशन का कहना है कि इस समस्या को लेकर वे कई बार संबंधित विभागों को शिकायत दे चुके हैं लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। नालियों की नियमित सफाई नहीं होने के कारण थोड़ी सी बारिश में ही सड़क पर घंटों तक पानी भरा रहता है। इससे ग्राहकों को बाजार में आने-जाने में दिक्कत होती है और व्यापार पर सीधा असर पड़ता है।
विज्ञापन

उन्होंने बताया कि गंदे पानी और कीचड़ के कारण बाजार में दुर्गंध फैल जाती है, जिससे दुकानदारों और ग्राहकों को स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों का भी सामना करना पड़ता है। बच्चों और बुजुर्गों के लिए बाजार में चलना तक मुश्किल हो जाता है। कई दुकानदारों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे बड़े स्तर पर आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
दुकानदारों ने एसडीएम से मांग की कि बाजार में पक्की और व्यवस्थित निकासी व्यवस्था बनाई जाए, नालियों की नियमित सफाई सुनिश्चित की जाए और जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान किया जाए। एसडीएम ने दुकानदारों को आश्वासन दिया कि संबंधित विभाग से रिपोर्ट लेकर शीघ्र कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें