14जेएनडी19: पीड़ित उपभोक्ता कर्मचंद।
जींद। शहर में गैस वितरण व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं। अर्बन इस्टेट निवासी सेवानिवृत्त ज्वाइंट डायरेक्टर कर्मचंद ने कांफेड गैस एजेंसी पर लापरवाही के गंभीर आरोप लगाए हैं।
उपभोक्ता कर्मचंद ने बताया कि उन्होंने 13 मार्च को घरेलू गैस सिलिंडर बुक किया था। 21 मार्च को उनके मोबाइल पर सिलिंडर डिलीवर होने का संदेश भी आ गया। इतना ही नहीं, 25 मार्च को उनके खाते में छह रुपये की सब्सिडी भी डाल दी गई लेकिन हैरानी की बात यह है कि उन्हें अभी तक सिलिंडर नहीं मिला।
पीड़ित उपभोक्ता का कहना है कि पूरे मामले की शिकायत 26 मार्च को जिला उपायुक्त (डीसी) और डीएफएसी को दी थी लेकिन तीन सप्ताह बीत जाने के बाद भी समस्या का समाधान नहीं हुआ। उपभोक्ता अब भी गैस सिलिंडर के लिए संबंधित विभागों के चक्कर काट रहे हैं।
बाजार में मंहगे दामों पर बेचे जा रहे सिलिंडर
उपभोक्ता ने आरोप लगाया कि एजेंसी और संबंधित अधिकारियों की मिलीभगत से गैस सिलिंडरों की कालाबाजारी की जा रही है। उनका कहना है कि कागजों में डिलीवरी दिखाकर गैस सिलिंडर बाजार में मंहगे दामों पर बेचे जा रहे हैं। उपभोक्ता को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। उपभोक्ता ने मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और उन्हें गैस सिलिंडर उपलब्ध कराया जाए।
वर्जन
यह मामला उनके संज्ञान में नहीं है। उपभोक्ता की कॉपी लेकर जांच करवाई जाएगी। अगर कांफेड के कर्मचारियों ने गड़बड़ी की है तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उपभोक्ता को सिलिंडर उपलब्ध करवाया जाएगा।
-अमित सैनी, गैस सप्लाई इंचार्ज, खाद्य एवं आपूर्ति विभाग जींद