उचाना। बडौदरा के सर्विस रोड पर बने गहरे गड्ढे आने-जाने वाले वाहन चालकों के लिए परेशानी का सबब बन रहे हैं। बारिश के बाद सर्विस रोड पर पानी भर जाने से वाहन चालकों को गड्ढों का पता नहीं चल पाता जिससे वाहनों के स्पेयर पार्ट्स भी क्षतिग्रस्त हो रहे हैं।
कई स्थानों पर गड्ढे काफी गहरे हैं और उनमें पत्थर भी डाले गए हैं। वाहन चालकों ने गड्ढों को भरने के साथ-साथ सड़क का निर्माण होने तक पैचवर्क करवाने की मांग की है ताकि लोगों को राहत मिल सके।
विज्ञापन
वाहन चालक सतीश, सुलतान, बलजोर और राममेहर ने बताया कि वडौदरा में घोघड़ियां गांव की ओर जाने वाले सर्विस रोड पर कई जगह गहरे गड्ढे बने हुए हैं। रोजाना आवागमन करने वाले वाहनों के स्पेयर पार्ट्स को नुकसान पहुंच रहा है। उन्होंने बताया कि कई बार संबंधित विभाग से पैचवर्क कराने की मांग की जा चुकी है लेकिन अभी तक समस्या का समाधान नहीं हुआ। बारिश के दौरान जलभराव होने से गड्ढे और अधिक गहरे हो जाते हैं, जिससे हादसे का खतरा भी बढ़ गया है।
एसडीएम रमित यादव ने कहा कि इस संबंध में एनएचएआई के अधिकारियों से बातचीत की जाएगी। आमजन को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी और समस्या के समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।