जींद। लोहचब स्थित राजकीय स्कूल के पीछे झाड़ियों में एक व्यक्ति का गला-सड़ा शव बरामद हुआ है। व्यक्ति के हाथ-पांव और अन्य हिस्सों को कुत्तों ने नोंच खाया हुआ था। पुलिस ने शव को कब्जे में ले नागरिक अस्पताल के शव गृह में रखवा दिया है।
रविवार को लोहचब गांव के राजकीय स्कूल के पीछे एक व्यक्ति का शव मिलने की सूचना जैसे ही ग्रामीणों को लगी तो वहां भीड़ जुट गई। शव की सूचना मिलने पर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस को व्यक्ति के पास से ऐसा कुछ नहीं मिला है जिससे उसकी शिनाख्त हो सके।
व्यक्ति की उम्र लगभग 45 साल है और शव लगभग 15 दिन पुराना है। व्यक्ति ने चैकदार शर्ट और काली पेंट पहनी हुई है। पुलिस ने ग्रामीणों को बुलाकर शिनाख्त करवाने की कोशिश भी की लेकिन शिनाख्त नहीं हो पाई। व्यक्ति के हाथ, पांव तथा चेहरे और अन्य कुछ हिस्सों को कुत्तों द्वारा खाया भी गया है।
व्यक्ति की मौत कैसे हुई इसका खुलासा पोस्टमार्टम होने के बाद हो पाएगा। प्रभारी मनीष कुमार ने बताया कि शव बुरी तरह गला-सड़ा है। व्यक्ति की शिनाख्त का प्रयास किया जा रहा है। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल खानपुर भेज दिया है।