03जेएनडी16-सफीदों में परीक्षा केंद्र पर निरीक्षण करने पहुंचे डीसी मोहम्मद इमरान रजा व एसपी राजे
जींद। सोमवार को डीसी मोहम्मद इमरान रजा और एसपी राजेश कुमार ने गांव हाट के संवेदनशील परीक्षा केंद्र सहित गांव गंगोली, पिल्लूखेड़ा और निर्जन परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने ड्यूटी पर उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों को परीक्षाओं को शांतिपूर्ण और नकल रहित संपन्न करवाने के लिए आवश्यक दिशा निर्देश दिए। परीक्षा केंद्रों के निरीक्षण के लिए बनाए गए नौ उड़नदस्तों की टीमों की संख्या को बढ़ाकर 20 कर दिया गया है। इसके अलावा गांव हाट के संवेदनशील परीक्षा केंद्र पर एक सीनियर अधिकारी की भी नियुक्ति की गई है। सुपरिंटेंडेंट विजेंद्र सिंह के अनुसार सोमवार को हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की दसवीं कक्षा की अंग्रेजी विषय की परीक्षा नकल रहित रही।
वहीं डीसी मोहम्मद इमरान रजा ने परीक्षा केंद्रों पर सेंटर सुपरिंटेंडेंट से भी फीडबैक लिया और कहा कि अगर स्टाफ या पुलिस बल की और ज्यादा जरूरत है तो इस संबंध में तुरंत प्रशासन को अवगत करवाएं। डीसी मोहम्मद इमरान रजा ने कहा कि परीक्षा केंद्रों में ड्यूटी पर लगे अधिकारियों और कर्मचारियों के मोबाइल परीक्षा शुरू होने से पहले ही जरूर जमा करवाएं। इसके अलावा प्रतिदिन सीसीटीवी कैमरों के काम करने सहित परीक्षा केंद्रों पर बाउंड्री वाल जैसे पहलू के बारे में भी रिपोर्ट करें। डीसी ने कहा कि परीक्षा केंद्रों के आसपास और स्कूल की बाउंड्री वॉल के अंदर बाहरी व्यक्तियों का जमावड़ा नहीं हो और संबंधित एसडीएम इस पर नजर बनाए रखेंगे। यदि किसी भी सेंटर पर नकल या अनुचित गतिविधियां होती हैं तो सख्त कार्रवाई की जाएं। इसके अलावा ड्यूटी मजिस्ट्रेट की भी नियुक्ति की गई है ताकि नकल रहित परीक्षा सुनिश्चित की जा सके। किसी भी प्रकार की आशंका होने पर तुरंत संबंधित अधिकारी को सूचित करें। इसके अलावा जिला शिक्षा अधिकारी की ओर से बनाए गए व्हाट्सएप ग्रुप पर भी जरूर सूचित करें ताकि तत्काल कार्रवाई की जा सके।
बॉक्स...........
200 मीटर के दायरे में भीड़ नहीं हो एकत्रित
एसपी राजेश कुमार ने भी पुलिसकर्मियों को हिदायत दी कि परीक्षा केंद्र के 200 मीटर के दायरे में किसी भी प्रकार की भीड़ एकत्रित नहीं हो। इसके साथ-साथ पुलिस कर्मचारी परीक्षा केंद्रों की छतों पर भी लगातार निगरानी करें। उन्होंने कहा कि परीक्षा केंद्र के सुपरिंटेंडेंट परीक्षार्थी पर संदेह होने के स्थिति में तुरंत स्कैनर की मदद से जांच करें और जरूरी हो तो पुलिस का सहयोग लें। उन्होंने कहा कि परीक्षा केंद्र सुपरिंटेंडेंट एसएमसी के सदस्यों से बैठक कर नकल रहित परीक्षा के बारे में चर्चा करें और उनसे पूर्ण सहयोग की अपील करें।