अलेवा। नगूरां पैक्स में पिछले 15 दिनों से डीएपी और यूरिया खाद का स्टॉक खत्म है। इससे नगूरां और आसपास के गांवों के किसानों में सरकार के खिलाफ रोष है।
उनका कहना है कि 15 दिनों से सरकार किसानों को खाद उपलब्ध करवाने में नाकाम साबित हो रही है। इस कारण किसानों को डीएपी और यूरिया खाद के लिए बार-बार पैक्स के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। किसान विकास, सत्यनारायण, जोगिंद्र व राममेहर ने कहा कि किसान डीएपी और यूरिया खाद के लिए भटक रहे हैं। लेकिन सरकार किसानों को भरपूर मात्रा में खाद उपलब्ध नहीं करवा रही है। नगूरां पैक्स में करीब 15 दिनों पूर्व डीएपी और यूरिया खाद के बैग आए थे। लेकिन सब खाद किसानों को बांट दिए जाने के बाद अभी तक पैक्स में यूरिया और डीएपी खाद का एक बैग भी नहीं पहुंचा है। इस कारण किसानों को गेंहू व अन्य फसलों की बिजाई करने में परेशानी आ रही है। किसानों ने कहा कि अगर उनको अब खाद नहीं मिली तो फसल के उत्पादन पर इसका असर पड़ेगा। किसान यूरिया तथा डीएपी खाद की कमी को पूरा करने के लिए प्राइवेट दुकानों पर जा रहे हैं। लेकिन प्राइवेट दुकानदारों द्वारा खाद के साथ कीटनाशक साथ में दी जा रही है। किसानों को मजबूरी में खाद के साथ कीटनाशक लेनी पड़ रही है। किसानों ने सरकार से मांग की है कि यूरिया और डीएपी खाद का स्टॉक भेजा जाए, ताकि किसानों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।
जल्द होगी डीएपी और यूरिया खाद की कमी दूर
नगूरां पैक्स के मैनेजर रोहताश ने कहा कि 15 दिन पहले नगूरां पैक्स में डीएपी और यूरिया खाद पहुंची थी। लेकिन अब खाद का स्टॉक खत्म होने से किसान पैक्स के चक्कर लगा रहे हैं। इसके लिए विभाग को अवगत करवा दिया है। खाद के मिलते ही किसानों को बांट दिया जाएगा।