नरवाना। हिसार रोड स्थित श्री श्याम बाल वाटिका पब्लिक स्कूल में 16वां वार्षिक समारोह रंगमंच कला, संस्कृति एवं रचनात्मकता के उत्सव मनाया गया। विद्यार्थियों की शानदार सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, भारतीय परंपराओं और सामाजिक संदेशों ने उपस्थित अतिथियों व अभिभावकों का मन मोह लिया।
समारोह में रावण के जीवन के विभिन्न पहलुओं पर आधारित नाट्य प्रस्तुति आकर्षण का केंद्र रही। इसमें भगवान शिव के भव्य आगमन के दृश्य, प्रभावशाली अभिनय, आकर्षक वेशभूषा और शानदार मंच सज्जा ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इसके अलावा मणिपुरी नृत्य, हरियाणवी लोक संस्कृति, फूलों की थीम पर आधारित प्रस्तुति, ‘धुरंधर’ की झलक और नशा मुक्ति जागरूकता से जुड़ी प्रस्तुतियों के माध्यम से विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम में एसएमओ डॉ. देवेंद्र बिंदलिश मुख्य अतिथि और समाजसेवी घनश्याम दास अनेजा अध्यक्षीय अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। भाजपा नेता मोहन लाल गर्ग, दिनेश गोयल, जयदेव बंसल, सतीश सेतिया, डॉ. एसके सिंगला, सुदर्शन सिंगला, सुदर्शन जैन, कृष्ण जैन और प्रवीण मित्तल सहित अनेक गणमान्य लोगों ने कार्यक्रम में शिरकत की।
शिक्षा के साथ संस्कार भी जरूरी
विद्यालय के वाइस प्रिंसिपल आलोक ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल अच्छे अंक हासिल करना नहीं, बल्कि बच्चों में संस्कार, आत्मविश्वास, सामाजिक जिम्मेदारी और मानवीय मूल्यों का विकास करना भी है। रंगमंच विद्यार्थियों की प्रतिभा और रचनात्मकता को निखारने का सशक्त मंच है। उन्होंने समारोह की सफलता के लिए विद्यार्थियों, शिक्षकों, अभिभावकों और सहयोगियों का आभार जताया।