जींद। चौधरी रणबीर सिंह विश्वविद्यालय में तीन दिवसीय पांचवें अंतर क्षेत्रीय युवा महोत्सव का आयोजन वीरवार को शुरू हो गया। इसमें विश्वविद्यालय से संबद्ध 151 महाविद्यालयों के विद्यार्थी 6 मंचों पर 42 कार्यक्रमों में अपनी प्रतिभा दिखाएंगे। पहले दिन मुख्यअतिथि विधायक डॉ. कृष्ण लाल मिड्ढा ने युवाओं को ऐसे कार्यक्रमों में भाग लेने के लिए प्रेरित किया।
कुलपति डॉ. रणपाल सिंह ने बताया कि चौधरी रणबीर सिंह विश्वविद्यालय जिले के युवाओं की प्रतिभा को शिक्षा और खेल के क्षेत्र में देश-विदेश में पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उपयुक्त अवसर और अनुशासन के अभाव में अनेक प्रतिभाशाली छात्र आगे नहीं बढ़ पाते है। इस प्रकार के महोत्सव से युवाओं की प्रतिभाओं को तराशने का अवसर मिलता है। निदेशालय युवा एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम के निदेशक डॉ. विजय ने कहा कि विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए राज्य, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शिक्षा, खेल और रंगमंच के क्षेत्रों में आगे बढ़ाना है। इस प्रकार के महोत्सव का आयोजन युवाओं में भाईचारे की भावना को बढ़ाने, कड़ी मेहनत, अनुशासन और सहकारिता की भावना को बढ़ाने के लिए तथा हरियाणा की सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाने और समृद्ध बनाने में अपना योगदान देने के लिए किया है।
इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों की प्रतिभाओं तराशने के लिए एक ऐसा मंच प्रदान करना है। जिससे वह आगे बढ़ सके और अपने व्यक्तित्व का समग्र विकास करने में सक्षम हो सके। विश्वविद्यालय सांस्कृतिक परिषद की अध्यक्ष डॉ. अंजना लोहान ने कहा कि युवा महोत्सव सांस्कृतिक मूल्यों को शुद्ध करेगा बंधुत्व भावना को बढ़ाएगा। इसमें पहले दिन कोरियोग्राफ ी, माइम, रस्में, पॉप सांग, हरियाणवी, एकल नृत्य हरियाणवी, पुरुष, शास्त्रीय नृत्य, एकल, एकल नृत्य हरियाणवी महिला, संस्कृत नाटक, सामान्य समूह गान, ऑन द स्पॉट पेंटिंग, पोस्टर मेकिंग, रंगोली, प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन हुआ।