जींद। रेलवे जंक्शन स्थित हाइड्रोजन प्लांट का निरीक्षण मंगलवार को सीआरएस (कमिश्नर ऑफ रेलवे सेफ्टी) करेंगे। निरीक्षण को लेकर रेलवे प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। सोमवार को रेलवे कर्मचारी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटे रहे।
स्टेशन परिसर से लेकर हाइड्रोजन प्लांट और ट्रायल से जुड़े सभी बिंदुओं की बारीकी से जांच की। सीआरएस निरीक्षण के दौरान हाइड्रोजन प्लांट की सुरक्षा व्यवस्था, तकनीकी सुविधाओं और संचालन से जुड़े पहलुओं का जायजा लेंगे।
साथ ही हाइड्रोजन ट्रेन संचालन को लेकर भी समीक्षा की जाएगी। निरीक्षण को लेकर रेलवे अधिकारियों और कर्मचारियों में काफी हलचल रही और पूरे दिन तैयारियों का दौर चलता रहा। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) को विशेष जिम्मेदारी सौंपी गई है।
आरपीएफ जवान निरीक्षण के दौरान सुरक्षा व्यवस्था संभालेंगे और स्टेशन परिसर और हाइड्रोजन प्लांट के आसपास निगरानी रखेंगे। अधिकारियों के मुताबिक, सीआरएस निरीक्षण को देखते हुए किसी तरह की चूक न हो। इसके लिए सभी विभागों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। इस निरीक्षण को हाइड्रोजन ट्रेन परियोजना के लिए अहम माना जा रहा है।