जींद। बैंक से लोन करवाने तथा उसकी लिमिट बढ़वाने का झांसा देकर करोड़ों रुपये हड़प कर तीन आरोपी फरार हो गए। शहर थाना पुलिस ने तीनों के खिलाफ धोखाधड़ी व भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
विश्वकर्मा कॉलोनी निवासी ममता समेत 38 महिलाओं ने शहर थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि मूलरूप से उत्तर प्रदेश व हाल आबाद विश्वकर्मा कॉलोनी निवासी नसीम, शबाना और आशू उर्फ आसिफ 12 साल से उज्जीवन समेत अन्य बैंकों से लोगों को लोन दिलवाने का काम करते थे। उनकी बैंककर्मियों के साथ जान-पहचान रहती थी। तीनों लोन करवाने तथा किसी का लोन बढ़वाने के नाम पर राशि ऐंठते थे। पीड़ितों ने आरोप लगाया कि आरोपियों ने शहर की करीब 200 महिलाओं से दो करोड़ से अधिक की राशि हड़पी हुई है। उन्होंने बताया कि 19 जुलाई की रात में तीनों अपना मकान खाली कर फरार हो गए। आरोपियों ने अपने मोबाइल फोन भी बंद कर लिए हैं। अब न तो उनको लोन मिला और न ही लोन के नाम पर ली गई राशि मिली है। एसआई रविंद्र ने बताया कि ममता समेत अन्य महिलाओं की शिकायत पर नसीम, शबाना और आशू उर्फ आसिफ के खिलाफ धोखाधड़ी समेत विभिन्न भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।