गांव ढाकल के निकट हिसार-चंडीगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर पेंचर होने से सड़क किनारे खड़ी पिकअप गाड़ी को ट्रक ने टक्कर मार दी। इसमें पिकअप के टायर को पंचर लगा रहे तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गया।
घायल को उपचार के लिए सामान्य अस्पताल में दाखिल करवाया गया, जहां चिकित्सकों ने गंभीर हालत देखते हुए मेडिकल कॉलेज अग्रोहा रेफर कर दिया। पुलिस ने अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
गांव मंगलपुर निवासी संदीप पिकअप गाड़ी में अपने मामा गांव मटौर निवासी जगदीश व दोस्त शमशेर के उसके साथ नरवाना से कैथल की तरफ जा रहा था। गांव ढाकल से निकलते ही पिकअप गाड़ी का टायर पंचर हो गया। गाड़ी का मालिक बीरबल नगर निवासी पवन मौके पर पहुंचा और सभी गाड़ी का टायर बदलने लगे।
उसी दौरान पीछे से आ रहे ट्रक ने पिकअप गाड़ी को टक्कर मार दी। इसमें गांव मंगलपुर निवासी शमशेर व गांव मटौर निवासी जगदीश की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि गाड़ी का मालिक पवन तथा चालक संदीप घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए सामान्य अस्पताल में पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने दोनों की हालात गंभीर देख मेडिकल कॉलेज अग्रोहा रेफर कर दिया। वहां उपचार के दौरान संदीप की भी मौत हो गई।
घटना की सूचना पाकर सदर थाना नरवाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर सामान्य अस्पताल में पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने मृतकों के परिजनों की शिकायत पर फरार ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
सदर थाना प्रभारी नरसिंह ने बताया कि सड़क दुर्घटना में तीन लोगों की मौत हो गई। दो लोगों ने मौके पर और तीसरे ने उपचार के दौरान अग्रोहा मेडीकल में दम तोड़ दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।