गांव बुढ़ाखेड़ा के रेलवे फाटक के निकट बुधवार देर शाम बाइक सवार दो लुटेरों ने एक युवक से पिस्तौल के बल पर 15 हजार रुपये की नकदी और तीन मोबाइल लूट लिए।
घटना की सूचना पाकर सफीदों थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और आसपास के क्षेत्र में सर्च अभियान चलाया, लेकिन लुटेरों का सुराग नहीं लगा। पुलिस ने युवक की शिकायत पर अज्ञात बाइक सवार दो युवकों के खिलाफ लूटपाट का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
पुलिस के अनुसार गांव बुढ़ाखेड़ा निवासी संजय गांव मलार में मोबाइल की दुकान चलता है। बुधवार देर शाम को वह दुकान बंद करके वापस गांव की तरफ जा रहा था तो रेलवे फाटक के निकट बाइक सवार दो युवकों ने उसका रास्ता रोक लिया और पिस्तौल के बल पर 15 हजार रुपये की नकदी और तीन मोबाइल छीन लिए। बाद में आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। संजय के शोर मचाने पर ने आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए।
बाद में संजय ने किसी दूसरे व्यक्ति के फोन के माध्यम से इसकी सूचना पुलिस कंट्रोल रूम में दी। सूचना पाकर सफीदों थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने संजय की शिकायत पर अज्ञात युवकों के खिलाफ लूटपाट का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।