छात्राओं से यौन शोषण मामले में आरोपी प्राचार्य का साथ देने वाली शिक्षिका की गिरफ्तारी होगी। महिला आयोग ने एसआईटी से सिफारिश की है। बुधवार को केस की स्टेटस रिपोर्ट जानने के लिए शिक्षा अधिकारियों और एसआईटी को बुलाया है।
हरियाणा के जींद के उचाना क्षेत्र के एक सरकारी स्कूल में प्राचार्य पर छात्राओं द्वारा लगाए गए यौन शोषण के आरोपों के बीच जिस अध्यापिका का नाम बार-बार प्राचार्य का सहयोग करने के लिए सामने आ रहा था, अब उसकी भी गिरफ्तारी होना तय है। अब तक हुई सभी प्रकार की जांच में सामने आया है कि आरोपी प्राचार्य लड़कियों को छांटता था, उसके बाद आरोपी अध्यापिका लड़कियों को किसी न किसी बहाने से बहलाकर प्राचार्य के कक्ष में लेकर आती थी।
विज्ञापन
बुधवार को हरियाणा महिला आयोग ने एसआईटी और शिक्षा विभाग के अधिकारियों को इस मामले की स्टेटस रिपोर्ट जानने के लिए बुलाया। इस दौरान महिला आयोग ने एसआईटी को सिफारिश की है कि उस अध्यापिका को भी गिरफ्तार किया जाए। महिला आयोग ने इस अध्यापिका को छात्राओं के साथ हुई यौन शोषण की घटना में प्राचार्य की सहयोगी माना है।
महिला आयोग की चेयरपर्सन रेणु भाटिया ने इस केस की सुनवाई के दौरान पुलिस द्वारा अब तक की गई कार्रवाई की समीक्षा की। महिला आयोग ने केस की सुनवाई के दौरान एसआईटी को निर्देश दिए हैं कि वह इस घिनौने कृत्य में प्राचार्य का साथ देने वाली अध्यापिका को जल्द गिरफ्तार करे। आयोग ने एसआईटी को जांच जल्द पूरी करते हुए रिपोर्ट आयोग में दाखिल करने के निर्देश भी दिए।