शहर के धर्मगढ़ बोहली मार्ग पर रविवार रात चिकन कॉर्नर पर एक युवक की तेजधार हथियार से गर्दन पर वार करके हत्या कर दी। मृतक युवक चिकन कॉर्नर पर ही कार्य करता था। परिजनों ने चिकन कॉर्नर के संचालक व उसके करिदों पर हत्या करने का आरोप लगाया है।
हत्या की सूचना पाकर सफीदों थाना प्रभारी सज्जन सिंह तथा एसएफएल की टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने मृतक के चाचा की शिकायत पर चिकन कॉर्नर संचालक सहित दो के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार रविदास बस्ती सफीदों निवासी बिजेंद्र धर्मगढ़ बोहली मार्ग पर स्थित एक चिकन कॉर्नर पर करिंदे का काम करता था। रविवार रात चिकन कॉर्नर पर दुकान संचालक राजीव कालोनी निवासी मीट विक्रेता रामभगत व रविदास बस्ती संजीव उर्फ संजू मौजूद थे।
इस दौरान शराब पीने के दौरान तीनों में किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया। इस दौरान दुकान संचालक रामभगत, संजीव ने मीट काटने के लिए रखे फरसे से बिजेंद्र के गर्दन पर वार कर गर्दन का काफी हिस्सा धड़ से अलग हो गया। इतना ही नहीं आरोपियों ने उसके सिर व चेहरे पर भी तेजधार हथियार से वार किया। बाद में आरोपी हत्या को अंजाम देकर मौके से फरार हो गए।
हत्या की सूचना पाकर सफीदों थाना पुलिस और एसएफएल की टीम मौके पर पहुंची और घटना स्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने घटना स्थल से मीट काटने वाले फरसे को बरामद किया गया है। घटनास्थल पर शराब की खाली बोतलें भी बरामद की है।
मृतक बिजेंद्र के चाचा जगदीश चंद्र ने बताया कि जिस दुकान में बिजेंद्र का शव मिला है वह उसी दुकान पर पिछले एक साल से कार्य करता था। कुछ दिनों पहले भी दुकान के मालिक रामभगत व उसके कारिंदे संजीव की रुपये के लेन-देन को लेकर बिजेंद्र के साथ कहासुनी हुई थी।
रविवार शाम बिजेंद्र अपने घर से दुकान पर गया था। रात करीब चार बजे पुलिस बिजेंद्र के घर आई तो उन्हें घटना का पता चला। बिजेंद्र तीन भाइयों में सबसे छोटा था।
पुलिस ने मृतक के बड़े भाई रामभगत की शिकायत पर सफीदों की राजीव कालोनी निवासी मीट विक्रेता रामभगत व रविदास बस्ती निवासी संजीव उर्फ संजू के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपियों ने शराब के नशे में वारदात को अंजाम दिया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों से पूछताछ जारी है।
सज्जन कुमार, एसएचओ सफीदों।